प्रधानमंत्री मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित : भजनलाल शर्मा
खारी
- 13 Jun 2026, 09:29 PM
- Updated: 09:29 PM
जयपुर, 13 जून (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल विश्वास, विकास व जनकल्याण को समर्पित रहा है और उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया है।
मोदी के प्रधानमंत्री पद पर 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए शर्मा ने कहा कि 2014 के बाद देशवासियों ने गरीब कल्याण और विकास की योजनाओं, आतंकवाद एवं नक्सलवाद पर प्रभावी कार्रवाई तथा वैश्विक स्तर पर भारत के बढ़ते गौरव को देखा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाया है और आज लोग कह रहे हैं-''मोदी हैं तो मुमकिन है।''
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि 2014 से पहले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान देश भ्रष्टाचार, महंगाई, आतंकवाद, नक्सलवाद, नीतिगत अव्यवस्था और कमजोर आर्थिक स्थिति जैसी अनेक चुनौतियों से जूझ रहा था।
उन्होंने कहा कि ऐसे समय में प्रधानमंत्री मोदी ने जिम्मेदारी संभाली और देश को इन चुनौतियों से उबारते हुए अपने दूरदर्शी दृष्टिकोण से शासन, विकास और जनकल्याण के नए प्रतिमान स्थापित किए।
शर्मा ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री ने 'प्रधान सेवक' के रूप में 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' के मंत्र के साथ सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने गरीब कल्याण को शासन के केंद्र में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों लोगों तक पहली बार बड़े पैमाने पर पक्के घर, बिजली, रसोई गैस कनेक्शन, साफ पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंची हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने राजस्थान में पेयजल और सिंचाई से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं को धरातल पर उतारने तथा उन्हें सुदृढ़ बनाने को प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कहा, ''विकसित भारत के चार प्रमुख स्तंभों में किसान एक महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान किसानों के हित में बीज से लेकर बाजार तक अनेक पहल की गई हैं। किसानों को उन्नत बीज, सिंचाई सुविधाएं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि जैसी योजनाओं के माध्यम से सहयोग प्रदान किया जा रहा है।''
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के लिए अभूतपूर्व कदम उठाए हैं और आतंकवाद को करारा जवाब दिया है।
उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाते हुए दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया है।''
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए 'मेक इन इंडिया' और 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान को भी नई गति मिली है।
भाषा पृथ्वी खारी
खारी
1306 2129 जयपुर