बंगाल स्कूल भर्ती घोटाले की जांच में ईडी ने अभिषेक से जुड़ी फर्म के वित्तीय रिकॉर्ड मांगे : अधिकारी
सुरेश
- 16 Jun 2026, 09:56 PM
- Updated: 09:56 PM
कोलकाता, 16 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल में प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाले की हो रही जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की कंपनी 'लीप्स एंड बाउंड्स' से जुड़े वित्तीय और संपत्ति संबंधी दस्तावेज मांगे हैं। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यह घटनाक्रम ऐसे दिन हुआ है, जब बनर्जी भर्ती में गड़बड़ियों से जुड़े धनशोधन जांच के सिलसिले में यहां सीजीओ कॉम्प्लेक्स में ईडी के अधिकारियों के समक्ष पेश हुए और उनसे लगभग 11 घंटे तक पूछताछ की गई।
अधिकारी ने बताया कि जांचकर्ताओं ने बनर्जी से 'लीप्स एंड बाउंड्स' के सभी बैंक खातों की जानकारी, कंपनी द्वारा किराये पर दी गई संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा है। साथ ही, एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि क्या कंपनी से जुड़े किसी लेनदेन का संबंध भर्ती घोटाले से कथित तौर पर प्राप्त हुए धन के लेनदेन से है।
ईडी अधिकारी ने कहा, ''कंपनी से जुड़े कुछ वित्तीय रिकॉर्ड और संपत्ति से संबंधित दस्तावेज मांगे गए हैं। आगे कोई भी फैसला लेने से पहले इन दस्तावेजों की जांच-पड़ताल की जाएगी।''
उनके अनुसार, सोमवार को बनर्जी से हुई पूछताछ के दौरान अधिकांश समय कथित तौर पर 15 मिनट की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग पर केंद्रित रहा, जो केंद्रीय एजेंसी की जांच का हिस्सा रही है।
जांचकर्ताओं द्वारा दाखिल एक पूरक आरोप पत्र में भी इस ऑडियो क्लिप का ज़िक्र किया गया था। कहा जाता है कि इसमें नौकरी दिलाने के एवज में मिले पैसे के बंटवारे से जुड़ी बातचीत शामिल है।
उन्होंने कहा कि यह रिकॉर्डिंग 2017 की एक बैठक की है। बैठक में, गिरफ्तार आरोपी एवं बनर्जी के करीबी सहयोगी सुजय कृष्ण भद्र शामिल हुए थे। उन्हें 'कालीघाटेर काकू' के नाम से भी जाना जाता है।
जांच करने वाले अधिकारी इन आरोपों की जांच कर रहे हैं कि बैठक के दौरान नौकरी के उम्मीदवारों से कथित तौर पर लिये गए पैसे को एकत्र करने और बांटने पर चर्चा हुई थी।
अधिकारी ने बताया कि एजेंसी ने जांच के दौरान मिले ऑडियो सबूतों और अन्य सामग्री से सामने आए तथ्यों की पुष्टि करने के लिए बनर्जी से पूछताछ की।
उन्होंने कहा, ''इसका मकसद जांच के दौरान मिली जानकारी की पुष्टि करना और जांच के दायरे में आए अलग-अलग लोगों, संस्थाओं और वित्तीय लेन-देन के बीच अगर कोई संबंध है, तो उसका पता लगाना था।''
ईडी के अधिकारी ऑडियो रिकॉर्डिंग और पैसों के लेनदेन से जुड़े कई मामलों पर स्पष्ट जानकारी चाह रहे हैं।
वहीं, बनर्जी का कहना है कि उन्होंने जांच में पूरा सहयोग किया है।
भाषा सुभाष सुरेश
सुरेश
1606 2156 कोलकाता