गुरु रंधावा जिम से जुड़े जिम पर गोलीबारी के मामले में दो लोग गिरफ्तार
नेत्रपाल
- 17 Jun 2026, 06:35 PM
- Updated: 06:35 PM
नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) दिल्ली के पश्चिम विहार में पंजाबी गायक गुरु रंधावा से जुड़े एक जिम के बाहर गोलीबारी करने के आरोप में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से कथित तौर पर संबंधित दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक घटना से करीब दो हफ़्ते पहले रूस से लौटा था।
अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा के सोनीपत जिला निवासी अरमान (19) और तुषार उर्फ़ ताशू उर्फ़ पिंकू (21) को बहादुरगढ़ में एक तलाशी अभियान के बाद पकड़ा गया।
उनके मुताबिक, ये दोनों कथित शूटर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य अनिल पंडित से जुड़े हैं, जिसके बारे में माना जाता है कि वह अमेरिका से अपना गिरोह चला रहा है।
पुलिस ने बताया कि 11 जून को सुबह करीब चार बजे पश्चिम विहार में बाहरी रिंग रोड पर एक जिम के बाहर मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने गोलीबारी की और मौके से भाग गए। इसने कहा कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था और कारतूस के सात खाली खोखे बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि बाहरी दिल्ली के पश्चिम विहार पूर्वी थाने में मामला दर्ज किया गया।
इसने कहा कि अनिल पंडित नाम के सोशल मीडिया अकाउंट से किए गए पोस्ट के वायरल होने के बाद यह घटना चर्चा में आई। इस पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की ओर से हमले की ज़िम्मेदारी ली गई।
पंडित ने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के साथ गायक की कथित नज़दीकियों का भी ज़िक्र किया।
खान को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह गिरोह अपना दुश्मन मानता है।
संगठित अपराध की संभावना को देखते हुए अपराध शाखा ने जांच अपने हाथ में ले ली।
पुलिस ने बताया कि जांचकर्ताओं ने हमलावरों के भागने के रास्ते का पता लगाया, तकनीकी सबूतों की जांच की और लगभग 100 किलोमीटर तक उनकी गतिविधियों की पड़ताल की।
जांच में चार संदिग्धों की पहचान हुई जिनमें साहिल, सागर, अरमान और तुषार शामिल हैं। पुलिस ने 15 जून को बहादुरगढ़ इलाके में छापेमारी की और अरमान व तुषार को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों ने कथित तौर पर गोलीबारी में अपनी भूमिका कबूल कर ली।
जांचकर्ताओं के अनुसार, अरमान बाकी दो संदिग्ध शूटर- साहिल और सागर का रिश्ते का भाई है, जो अभी फरार हैं।
पुलिस ने बताया कि तुषार हाल में रूस से भारत लौटा था, जहां वह अध्ययन वीजा पर जाकर काम कर रहा था। आरोप है कि गोलीबारी की घटना से कुछ समय पहले उसने साहिल और सागर से संपर्क किया और साज़िश में शामिल हो गया।
अधिकारियों ने बताया कि एक अदालत ने दोनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है और हमले के पीछे के बड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा कि बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने और अपराध में इस्तेमाल हथियार को बरामद करने की कोशिश जारी है।
भाषा नोमान नोमान नेत्रपाल
नेत्रपाल
1706 1835 दिल्ली