थाने पर धावा बोलकर जहांगीर को छुड़ाने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा : शुभेंदु
प्रशांत
- 17 Jun 2026, 10:50 PM
- Updated: 10:50 PM
(तस्वीरों के साथ)
कोलकाता, 17 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कहा कि दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा पुलिस थाने पर कथित तौर पर धावा बोलकर हवालात में बंद तृणमूल कांग्रेस नेता जहांगीर खान को छुड़ाने की कोशिश में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शुभेंदु ने पुलिस को सुरक्षाकर्मियों पर हमले में शामिल लोगों के खिलाफ भारत की संप्रभुता और एकता को खतरे में डालने का आरोप लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कानून लागू करने वाली एजेंसियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आरोपियों को बिना देरी सजा दिलाई जाए।
फाल्टा में राज्य सरकार के जनसंपर्क कार्यक्रम 'जनकल्याण शिविर' को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि थाने में पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों पर हमले के कथित वीडियो में दिख रहे किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस घटना के सिलसिले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने जहांगीर की पत्नी को हमले की मुख्य साजिशकर्ता बताया है।
शुभेंदु ने कहा, "मैं मंगलवार को कर्सियांग में था। मैंने टेलीविजन पर देखा कि माफिया की पत्नी के नेतृत्व में कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों पर हमले की कोशिश की। फाल्टा में कानून का शासन है। कोई माफिया कितना भी बड़ा क्यों न हो, भाजपा सरकार उसे सबक सिखाएगी।"
लोगों के एक समूह ने जहांगीर की रिहाई की मांग को लेकर मंगलवार को फाल्टा में विरोध-प्रदर्शन किया था। जहांगीर की पत्नी इस प्रदर्शन का कथित तौर पर नेतृत्व कर रही थीं। पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर दिया था।
सोशल मीडिया पर घटना के कथित वीडियो भी प्रसारित किए गए हैं, जिनमें दिख रहा है कि पुलिस की ओर से खदेड़े जाने के बाद प्रदर्शनकारी भाग रहे हैं और पास के जलाशयों में कूद रहे हैं।
शुभेंदु ने कहा, "वीडियो में दिख रहे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। मैं इस मंच से पुलिस अधीक्षक (एसपी) को निर्देश दे रहा हूं कि वह राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज करें। उन्हें ऐसी सजा मिलनी चाहिए कि भविष्य में कोई भी पुलिस, सरकारी कर्मचारियों या अर्धसैनिक बलों पर हमला करने की जुर्रत न कर सके।"
उन्होंने कहा, "अब इस इलाके में गुंडागर्दी, लूटपाट या किसी भी तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होगी।"
जहांगीर चुनाव से पहले खुद को अल्लू अर्जुन अभिनीत तेलुगु फिल्म का शीर्षक किरदार 'पुष्पा' बताकर सुर्खियों में आए थे। उन्हें जबरन वसूली समेत कई आरोपों में आठ जून को उत्तर बंगाल में भारत-नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया था।
शुभेंदु ने कहा, "हमला करने वालों को न केवल जेल होगी, बल्कि उनकी संपत्तियां भी जब्त कर नीलाम की जाएंगी। हमारी 'डबल-इंजन' सरकार यह सुनिश्चित करेगी। कानून का शासन स्थापित करना ही हमारा उद्देश्य है।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार किसी भी तरह की अराजकता को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने लोगों से कानून को अपने हाथ में न लेने का आग्रह किया।
पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए शुभेंदु ने कहा कि चक्रवात अम्फान के बाद घरों की मरम्मत के लिए दी गई निधि का गलत इस्तेमाल किया गया।
उन्होंने कहा, "फल्टा में भ्रष्टाचार के कई मामले सामने आए हैं। मुझे लिस्ट मिल गई है। मैंने जिलाधिकारी को बताया है कि चक्रवात अम्फान के दौरान फाल्टा में क्षतिग्रस्त हुए हर मकान की मरम्मत के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष से 20,000 रुपये दिए गए थे।"
शुभेंदु ने कहा, "पिछली सरकार की 'बांग्लार बाड़ी' योजना के तहत प्रस्तावित लगभग 8,000 मकानों में से हर एक के लिए पहली किस्त में 60,000 रुपये जारी किए गए थे, लेकिन घर कभी नहीं बने। हर कोई जानता है कि पैसे किसने लिए।"
उन्होंने कहा कि उस समय के खंड विकास अधिकारी की भूमिका संदेह के घेरे में आ गई है और उचित कार्रवाई की जाएगी।
शुभेंदु ने कहा, "मैंने जिलाधिकारी को हर लाभार्थी का सत्यापन करने का भी निर्देश दिया है। जिला प्रशासन लूटे गए पैसे की वसूली के लिए काम करेगा। मैं इस प्रक्रिया की निगरानी करूंगा।"
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की आवास योजना में गड़बड़ियां हुई हैं और लाभार्थियों के लिए तय निधि का गबन किया गया है।
भाषा पारुल प्रशांत
प्रशांत
1706 2250 कोलकाता