गुजरात पुलिस नीट पुन: परीक्षा के दौरान ड्रोन की तैनाती के साथ ही साइबर निगरानी में जुटी
प्रशांत
- 21 Jun 2026, 04:48 PM
- Updated: 04:48 PM
अहमदाबाद, 21 जून (भाषा) गुजरात में रविवार को कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिये राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक 2026 की दोबारा परीक्षा का आयोजन हुआ
परीक्षा को सुचारू और निष्पक्ष ढंग से आयोजित करने के लिए गुजरात पुलिस ने परीक्षा केंद्रों पर ड्रोन और सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया है।
गुजरात पुलिस के अनुसार, राज्य में 211 केंद्रों पर लगभग 79,400 उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) नीट-यूजी 2026 की पुन: परीक्षा करवा रही है। प्रश्न पत्र लीक होने के कारण तीन मई को हुई परीक्षा रद्द कर दी गयी थी जिसके बाद यह परीक्षा नये सिरे से आयोजित की गयी है।
गुजरात सरकार ने पुलिस महानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) मकरंद चौहान को नीट से जुड़ी सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं के लिए राज्य नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
परीक्षा से पहले चौहान ने कहा कि गुजरात पुलिस ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी, राज्य शिक्षा विभाग और केंद्र सरकार की एजेंसियों के साथ मिलकर व्यापक तैयारियां की हैं।
उन्होंने कहा, ''गुजरात पुलिस ने शांतिपूर्ण माहौल में नीट परीक्षा के सुचारू आयोजन और समापन सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां हैं।''
चौहान ने बताया कि पुलिस को बसों, ट्रेनों और निजी वाहनों से यात्रा करने वाले उम्मीदवारों की आवाजाही सुचारू रूप से सुनिश्चित करने का काम सौंपा गया है, ताकि वे समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें।
परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवारों की तलाशी और भीड़ प्रबंधन के संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किए गए।
उन्होंने कहा कि वास्तविक उम्मीदवारों को कोई असुविधा पहुंचाए बिना 'डमी उम्मीदवारों' का पता लगाने के लिए विशेष उपाय किए गए हैं।
चौहान ने कहा कि राज्य का 'साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' और उसकी शाखाएं, परीक्षा से जुड़ी सामग्री लीक करने या गलत जानकारी फैलाने की किसी भी कोशिश को रोकने के लिए व्हाट्सअप और टेलीग्राम जैसे मैसेजिंग ऐप पर कड़ी नज़र रख रही थीं।
अहमदाबाद की पुलिस उपायुक्त(नियंत्रण कक्ष) रीमा मुंशी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और विद्यार्थियों की आवाजाही को सुचारू बनाने के लिए छह डीसीपी, 15 थानों के कर्मियों और 14 पुलिस थानों के यातायात कर्मियों को तैनात किया गया है।
मुंशी ने बताया कि बेहतर निगरानी के तहत, परीक्षा केंद्रों के आसपास हवाई निगरानी के लिए आठ ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि साइबर अपराध शाखा और सोशल मीडिया प्रकोष्ठ अफ़वाहों और गलत जानकारी पर रोक लगाने के लिए लगातार ऑनलाइन निगरानी कर रहे हैं।
भाषा राजकुमार प्रशांत
प्रशांत
2106 1648 अहमदाबाद