राजस्थान : जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस को रेल मंत्री एवं मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी
शफीक
- 21 Jun 2026, 08:05 PM
- Updated: 08:05 PM
(तस्वीर के साथ)
जयपुर, 21 जून (भाषा) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को खातीपुरा रेलवे स्टेशन से जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस रेल सेवा की शुरुआत की तथा ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही, मेगा कोचिंग टर्मिनल खातीपुरा एवं रेलवे स्टेशनों पर उन्नत यात्री सुविधाओं की भी शुरुआत की।
वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में रेलवे सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है। उन्होंने सीकर के सुंदरपुरा में रेलवे स्टेशन विकसित करने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे खाटू श्यामजी के लाखों श्रद्धालुओं का सफर आसान होगा।
उन्होंने कहा कि जयपुर में विकसित मेगा कोचिंग टर्मिनल रेलवे अवसंरचना को नयी मजबूती प्रदान करेगा, जहां लगभग 450 रेलगाड़ियों का रखरखाव किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारतीय रेल अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है तथा आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त रेलवे नेटवर्क देश की प्रगति का मजबूत आधार बन रहा है।
उन्होंने कहा कि रेलवे के विस्तार और आधुनिकीकरण से राजस्थान में व्यापार, पर्यटन, शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों को नयी गति मिल रही है तथा प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध और अधिक मजबूत हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने खातीपुरा रेलवे स्टेशन पर समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि नयी रेल सेवाएं प्रदेशवासियों के सफर को अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएंगी।
शर्मा ने कहा कि जहां वंदे भारत ट्रेनें गति और आधुनिकता के नए मानक स्थापित कर रही हैं, वहीं नमो भारत रैपिड रेल शहरी कनेक्टिविटी को नयी दिशा दे रही है।
उन्होंने कहा कि रेलवे का बढ़ता विद्युतीकरण भारत को हरित परिवहन की दिशा में आगे बढ़ा रहा है।
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राजस्थान को रेलवे विकास की ऐतिहासिक सौगातें मिली हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 से 2014 के दौरान राजस्थान को रेलवे के लिए औसतन 682 करोड़ रुपये का बजट मिलता था, जो वर्ष 2026-27 में 15 गुना वृद्धि के साथ 10 हजार 228 करोड़ रुपये हो गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में राजस्थान में 76 हजार 800 करोड़ रुपये से अधिक लागत की रेलवे परियोजनाएं प्रगति पर हैं।
उन्होंने कहा कि जयपुर का खातीपुरा क्षेत्र भविष्य में रेलवे के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की बढ़ती आवश्यकताओं और जयपुर के विस्तारित स्वरूप को ध्यान में रखते हुए यहां 205 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मेगा कोचिंग टर्मिनल विकसित किया गया है।
शर्मा ने बताया कि इस टर्मिनल से वंदे भारत, डेमू एवं एलएचबी रेक सहित विभिन्न प्रकार की ट्रेनों का रखरखाव एक ही स्थान पर किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं दरभंगा सांसद गोपाल ठाकुर वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए जुड़े। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि इस नयी ट्रेन की सौगात मिलने से न केवल बिहार और राजस्थान का सम्पर्क मजबूत होगा, वहीं बिहार के लाखों नागरिकों के लिए राजस्थान का सफर भी आसान बनेगा।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, सांसद धनश्याम तिवाड़ी, मंजू शर्मा, विधायक कैलाश चंद वर्मा, अन्य जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।
भाषा बाकोलिया शफीक
शफीक
2106 2005 जयपुर