एनसीडब्ल्यू ने रेखा शर्मा पर ‘अभद्र’ टिप्प्णी के लिए मोइत्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कहा
संतोष माधव
- 05 Jul 2024, 10:19 PM
- Updated: 10:19 PM
नयी दिल्ली, पांच जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने अपनी अध्यक्ष रेखा शर्मा के विरुद्ध तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा की आपत्तिजनक टिप्पणी पर स्वत: संज्ञान लेते हुए उनके खिलाफ पुलिस से प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कहा है।
‘एक्स’ पर पोस्ट किये गये एक वीडियो पर टीएमसी सांसद के टिप्पणी करने के एक दिन बाद आयोग ने यह रुख अख्तियार किया। इस वीडियो में उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुई भगदड़ के स्थल पर एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष के पहुंचने को दिखाया गया था जिस पर टिप्पणी करते हुए महुआ ने लिखा, ‘‘वह अपने बॉस का पजामा संभालने में बहुत व्यस्त हैं।’’ महुआ ने इसके बाद अपनी पोस्ट को हटा दिया था।
वास्तविक पोस्ट में दिखाया गया है कि एक व्यक्ति एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष के पीछे छाता पकड़कर चल रहा है।
एनसीडब्ल्यू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अभद्र टिप्पणी अपमानजनक है और यह गरिमा के साथ रहने के एक महिला के अधिकार का उल्लंघन है। आयोग ने पाया कि यह टिप्पणी भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 79 के अंतर्गत आती है।’’
एनसीडब्ल्यू ने कहा कि वह अपमानजनक टिप्पणियों की कड़ी निंदा करता है और मोइत्रा के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहता है।
एनसीडब्ल्यू ने लिखा, ‘‘मोइत्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए और तीन दिनों के भीतर आयोग को एक विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट से अवगत कराया जाना चाहिए।’’
‘एक्स’ पर एनसीडब्ल्यू के पोस्ट पर ‘रिपोस्ट’ करते हुए मोइत्रा ने लिखा, ‘‘दिल्ली पुलिस आए, कृपया इन स्वत: संज्ञान आदेशों पर तुरंत कार्रवाई करें। अगर आपको अगले तीन दिनों में त्वरित गिरफ्तारी करने के लिए मेरी आवश्यकता हो तो मैं नदिया में हूं।’’
एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष पर स्पष्ट रूप से तंज कसते हुए महुआ ने कहा, ‘‘मैं अपना छाता खुद संभाल सकती हूं।’’
एक अन्य पोस्ट में मोइत्रा ने शर्मा द्वारा किए गए पोस्ट के कई ‘स्क्रीनशॉट’ साझा किए और कहा कि उन पोस्ट के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए।
इस पोस्ट में एक पोस्ट का ‘स्क्रीनशॉट’ शामिल था जिसमें शर्मा ने राष्ट्रीय जनता दल के नेता लालू प्रसाद यादव और कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘मूर्ख’ कहा था। एक अन्य पोस्ट में शर्मा ने कहा, "महात्मा गांधी एक अच्छे बेटे नहीं हो सकते, हम उन्हें राष्ट्रपिता कैसे कहते हैं...।’’
एनसीडब्ल्यू ने बिरला को लिखे पत्र में अनुरोध किया कि लोकसभा अध्यक्ष इस मामले की जांच कराकर मोइत्रा के खिलाफ उचित कार्रवाई करें।
एनसीडब्ल्यू ने कहा कि यह ‘अभद्र’ टिप्पणी न केवल अपमानजनक है, बल्कि यह गरिमा के साथ रहने के एक महिला के अधिकार का उल्लंघन है।
भाषा संतोष