भगवान जगन्नाथ पर बनी फिल्म 'काल्पनिक' कहानी दिखाती है, विशेषज्ञों की राय लेना जरूरी: मंदिर प्रबंधन
नरेश
- 25 Jun 2026, 07:59 PM
- Updated: 07:59 PM
भुवनेश्वर, 25 जून (भाषा) पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को भगवान जगन्नाथ पर आधारित एक एनिमेशन फिल्म का प्रदर्शन टालने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म की कहानी काल्पनिक कथाओं पर आधारित है और धार्मिक ग्रंथों में दिए गए विवरण के विपरीत है, जिसके चलते इसे विचार के लिए विशेषज्ञों के पास भेजा जाना जरूरी है।
फिल्म का प्रदर्शन टालने की मांग पुरी के गजपति महाराजा और श्री जगन्नाथ मंदिर प्रबंधन समिति (एसजेटीएमसी) के अध्यक्ष दिब्यसिंह देब ने की। एसजेटीएमसी 12वीं सदी में निर्मित पुरी जगन्नाथ मंदिर की निर्णय लेने वाली सर्वोच्च संस्था है।
एनिमेशन फिल्म 'महाप्रभु जगन्नाथ' भगवान जगन्नाथ की सालाना रथ यात्रा से छह दिन पहले 10 जुलाई को रिलीज होने वाली है।
देब ने कहा, "फिल्म का आधिकारिक ट्रेलर जारी किया चुका है और इसे सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर साझा किया जा रहा है। ट्रेलर में श्री जगन्नाथ महाप्रभु की पूरी तरह से काल्पनिक कहानी दिखाई गई है। यह कहानी हमारे धर्मग्रंथों में बताई गई पवित्र कथाओं के विपरीत है।"
उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ की महिमा का कोई भी प्रचार-प्रसार धार्मिक ग्रंथों में दिए गए विवरण के अनुरूप होना चाहिए, खासकर उन ग्रंथों के, जिनकी रचना महर्षि वेदव्यास ने की है।
वेदव्यास ने विशाल वैदिक ज्ञान और पुराणों को व्यवस्थित और लिपिबद्ध किया। इन ग्रंथों में उन्होंने भगवान जगन्नाथ को भगवान कृष्ण के परम और सुलभ स्वरूप के रूप में वर्णित किया।
देब ने कहा कि महाप्रभु को "गलत और मनगढ़ंत" तरीके से पेश किए जाने से दुनियाभर के अनगिनत भक्तों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचेगी।
उन्होंने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, "इसलिए मैं फिल्म की निर्माता कंपनी-भुवनेश्वर स्थित 'एले एनिमेशन्स प्राइवेट लिमिटेड' से अपील करता हूं कि वह 'महाप्रभु जगन्नाथ' को सिनेमाघरों या सोशल मीडिया मंचों पर तब तक रिलीज न करे, जब तक कि श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) की ओर से नियुक्त विशेषज्ञ इसकी कहानी को सत्यापित न कर दें।"
एजेटीए एसजेटीएमसी के तहत मुख्य समितियों में से एक है।
'महाप्रभु जगन्नाथ' के निर्माताओं ने फिल्म को लेकर हो रही आलोचनाओं पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
भाषा पारुल नरेश
नरेश
2506 1959 भुवनेश्वर