मोनाको विस्फोट : यूक्रेनी उद्योगपति समेत तीन घायल, संदिग्ध फरार
अविनाश
- 30 Jun 2026, 08:04 PM
- Updated: 08:04 PM
मोनाको, 30 जून (एपी) मोनाको में विस्फोटक रखकर तीन लोगों को घायल करने वाले संदिग्ध ने घटना को अकेले ही अंजाम दिया था और वह अब भी फरार है। घायलों में एक यूक्रेनी उद्योगपति भी शामिल हैं। यह जानकारी मोनाको के मुख्य अभियोजक ने मंगलवार को दी।
अभियोजक स्टीफन थिबॉल्ट ने संवाददाताओं से कहा कि पुलिस ने सोमवार की घटना के संबंध में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है, लेकिन इसे आतंकवादी हमला नहीं माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमले के पीछे की मंशा अभी स्पष्ट नहीं है।
उन्होंने बताया कि घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि एक पुरुष की हालत अब खतरे से बाहर है, जबकि एक बच्चे की जान को कोई खतरा नहीं है। उन्होंने घायलों की पहचान उजागर नहीं की।
अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध हमलावर घटना के बाद पड़ोसी देश फ्रांस भाग गया।
मीडिया की खबरों में घायलों में यूक्रेन के निर्माण क्षेत्र के कारोबारी वादिम यरमोलायेव का नाम सामने आया है। यूक्रेनी समाचार वेबसाइट 'उक्राइन्स्का प्रावदा' के अनुसार, रूस से कथित कारोबारी संबंधों के कारण वर्ष 2023 में यूक्रेन ने उन पर प्रतिबंध लगा दिया था।
मोनाको के विदेश मंत्री क्रिस्टोफ मिरमां ने फ्रांसीसी समाचार चैनल एलसीआई से कहा कि गंभीर रूप से घायल महिला नीस के एक अस्पताल में है। उन्होंने बताया कि उसके साथी और 13 वर्षीय बच्चे को अपेक्षाकृत कम चोटें आई हैं, लेकिन दोनों अब भी अस्पताल में हैं।
यह विस्फोट सोमवार रात करीब नौ बजे फ्रांस की सीमा के निकट स्थित एक आवासीय इमारत के प्रवेश द्वार पर हुआ।
मंगलवार सुबह मोनाको और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई। फ्रांस और मोनाको के अधिकारी संदिग्ध की तलाश कर रहे हैं और उसके मकसद की जांच की जा रही है।
मिरमां ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के अनुसार तीनों पीड़ित ''शाम के समय सामान्य रूप से अपने घर लौट रहे थे'' और अपार्टमेंट भवन के प्रवेश द्वार पर पहुंचते ही विस्फोट की चपेट में आ गए।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार लंबे समय से मोनाको में रह रहा है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उसे पहले कभी धमकियां मिली थीं या नहीं।
मिरमां ने कहा, ''प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि परिवार को ही निशाना बनाया गया था।'' उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के अनुसार संदिग्ध हमलावर पीड़ितों के आने का इंतजार करते हुए कई बार उस इलाके में घूमता दिखाई दिया।
एपी अमित अविनाश
अविनाश
3006 2004 मोनाको