हनीमून हत्याकांड : राजा रघुवंशी के परिवार ने सीबीआई जांच की मांग दोहराई
राजकुमार
- 03 Jul 2026, 03:55 PM
- Updated: 03:55 PM
इंदौर (मध्यप्रदेश), तीन जुलाई (भाषा) मेघालय में 2025 में हनीमून के दौरान जान से मार डाले गए इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी के परिवार ने इस हत्याकांड की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग शुक्रवार को दोहराते हुए कहा कि उसका अब भी मानना है कि मामले की उचित छानबीन के लिए केंद्रीय एजेंसी जरूरी है।
राजा के बड़े भाई विपिन रघुवंशी का यह बयान ऐसे वक्त सामने आया, जब उच्चतम न्यायालय ने इस मामले की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को एक निचली अदालत से मिली जमानत को बरकरार रखने के मेघालय उच्च न्यायालय के आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि सोनम ने ही अपने पति राजा की हत्या करवायी।
विपिन ने यहां 'पीटीआई-भाषा' से कहा,"किसी रसूखदार व्यक्ति की संतान की मौत पर सीबीआई जांच का आदेश तुरंत हो जाता है। मेरे भाई राजा की हत्या को एक साल से ज्यादा वक्त हो चुका है, लेकिन अब तक इस मामले में सरकार ने सीबीआई जांच का आदेश जारी नहीं किया है।''
उन्होंने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से मांग कर रहा है कि राजा रघुवंशी हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराई जाए।
अभियोजन की कार्यप्रणाली पर पहले भी सवाल उठा चुके विपिन ने दावा किया कि यदि इस हत्याकांड की तहकीकात की कमान शुरुआत में ही सीबीआई को सौंप दी जाती, तो मुख्य आरोपी सोनम को वर्तमान जांच एजेंसी (मेघालय पुलिस) की कानूनी चूक का अदालत में लाभ उठाने का अवसर नहीं मिलता।
मेघालय उच्च न्यायालय ने 29 जून को राज्य सरकार की वह याचिका खारिज कर दी थी जिसमें सोनम को निचली अदालत से 27 अप्रैल को मिली जमानत रद्द करने का अनुरोध किया गया था।
उच्च न्यायालय ने सोनम को उसकी गिरफ्तारी के आधार बताने की प्रक्रिया में मेघालय पुलिस की गंभीर त्रुटियों का उल्लेख किया था और आरोपी को जमानत देने का निचली अदालत का आदेश बरकरार रखा था।
मेघालय सरकार ने उच्च न्यायालय के आदेश को शीर्ष अदालत में चुनौती दी।
इंदौर की निवासी सोनम, निचली अदालत की जमानत शर्तों के मुताबिक इन दिनों शिलांग में रह रही है।
विपिन ने अपने परिवार की यह आशंका दोहराई कि यदि सोनम लंबे समय तक जमानत पर बाहर रहती है, तो वह सबूतों से छेड़छाड़ कर सकती है या गवाहों को प्रभावित कर सकती है।
उन्होंने कहा,''मेरे परिवार को न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। हमें न्याय मिलने की पूरी उम्मीद है।''
अधिकारियों ने बताया कि अपने पति राजा की साजिशन हत्या में शामिल होने के आरोप में सोनम को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से नौ जून 2025 को गिरफ्तार किया गया था। वह जमानत पर रिहा होने से पहले 10 महीने से अधिक समय तक शिलांग के जिला कारागार में न्यायिक हिरासत में बंद रही थी।
राजा का परिवार इंदौर में ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़ा है। राजा और सोनम 2025 में हनीमून के दौरान मेघालय में लापता हो गए थे। बाद में ईस्ट खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (चेरापूंजी) में एक झरने के पास गहरी खाई में राजा का शव मिला था।
मेघालय पुलिस ने आरोप लगाया है कि सोनम ने अपने 'प्रेमी' राज कुशवाह और भाड़े के तीन हत्यारों के साथ मिलकर पति राजा की साजिशन हत्या कराई ताकि उसे रास्ते से हटाया जा सके।
भाषा हर्ष
राजकुमार
राजकुमार
0307 1555 इंदौर