गुजरात एटीएस ने आतंकी संगठन 'जैश-ए-मोहम्मद' के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया
अविनाश
- 03 Jul 2026, 09:48 PM
- Updated: 09:48 PM
अहमदाबाद, तीन जुलाई (भाषा) गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ता (एटीएस) ने पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से संबंध रखने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो आरोपियों की उम्र 18 और 19 वर्ष है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी गुजरात में एक सक्रिय आतंकी नेटवर्क स्थापित करने की दिशा में काम कर रहे थे, जो पाकिस्तान के साथ जमीनी और समुद्री सीमा साझा करता है।
पुलिस ने बताया कि सात आरोपियों को गुजरात से और एक को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से जब्त की गई चीजों में जैश के संस्थापक मसूद अजहर की लिखी किताब का गुजराती अनुवाद भी शामिल है।
एटीएस के एक अधिकारी ने बताया, ''आठों आरोपियों को बृहस्पतिवार को गुजरात के विभिन्न जिलों और मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया गया। वे प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सदस्य हैं और गुजरात में एक सक्रिय आतंकी नेटवर्क खड़ा करने के लिए उसकी ओर से सक्रिय रूप से काम कर रहे थे।''
एटीएस ने गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान बनासकांठा के निवासियों अहमद अब्दुल्ला गाजीवाला (19), मुदस्सिर अब्दुल्ला गाजीवाला (22) और इब्राहिम मोहम्मद हुसैन घाघा (30) तथा पाटन जिला के जकारिया दुरानी मोहम्मद अम्मार घाघा (21), मुफ्ती फौजान इस्माइल दौवा (40) और मोहम्मद अमीन शेरा (21) एवं नवसारी जिले के मोहम्मद अब्दुल रहमान सावदी (22) के रूप में हुई है। बिलाल दुरानी मोहम्मद अम्मार घाघा (18) मध्यप्रदेश का निवासी है।
उन्होंने बताया कि आठों आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सहायक सरकारी वकील बी.एच. प्रजापति ने बताया कि आरोपियों को मेहसाणा जिले के कडी शहर की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन के लिए एटीएस की हिरासत में भेज दिया गया।
एटीएस के उप महानिरीक्षक सुनील जोशी ने पत्रकारों को बताया, ''जेईएम के आठ सदस्यों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने गुजरात में 'दारुल इस्लाम गुजरात जैश-ए-मोहम्मद' नाम से जेईएम से जुड़ा एक संगठन बनाया था।''
एक गुप्त सूचना के आधार पर, एटीएस की पांच विशेष टीमों ने गुजरात के बनासकांठा, मेहसाणा, नवसारी और पाटन जिलों तथा मध्यप्रदेश के देवास की पुलिस के साथ मिलकर कई जगहों पर एक साथ छापेमारी की।
एटीएस ने दावा किया कि आरोपी अपने-अपने इलाकों में लोगों को जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) में शामिल होने के लिए उकसा रहे थे और अब्दुल्ला व मोहम्मद उमर नाम के दो पाकिस्तानी आकाओं के संपर्क में थे।
जोशी ने कहा, ''शुरुआत में अहमद और इब्राहिम को मेहसाणा-बनासकांठा राजमार्ग के पास हिरासत में लिया गया था। उनसे मिली जानकारी के आधार पर, बाकी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।''
जोशी ने बताया कि जांचकर्ताओं ने यह भी पाया कि यह समूह संगठन की जिहादी विचारधारा को फैलाने के लिए जेईएम के साहित्य का गुजराती में अनुवाद कर रहा था।
भाषा
शफीक अविनाश
अविनाश
0307 2148 अहमदाबाद