राष्ट्रीय राजमार्ग 66 पर डकैती के मामले में तीन व्यक्ति गिरफ्तार
अमित
- 03 Jul 2026, 09:54 PM
- Updated: 09:54 PM
मंगलुरु (कर्नाटक), तीन जुलाई (भाषा) यहां बैकमपाडी के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग 66 पर डकैती के मामले में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार व्यक्तियों में से दो लोगों ने अपराधियों को कथित तौर पर सहायता उपलब्ध कराई थी। इस घटना में शामिल अन्य 13 आरोपियों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, 29 जून को विकास सुब्बाराव धनवाडे (44) अपने परिवार के साथ एक कार में महाराष्ट्र से पय्यनुर (केरल) जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, रास्ते में बैकमपाडी के निकट दो एसयूवी और एक कार में सवार छह नकाबपोश लोगों ने उनकी कार रोक ली।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के लोगों ने विकास के साथ मारपीट की और जबरदस्ती उनकी पत्नी और बेटे का कुछ समय के लिए विकास की कार में अपहरण कर लिया और कुछ किलोमीटर दूर उन्हें छोड़कर कार लेकर भाग गए।
आरोप है कि इन लोगों ने कार के भीतर एक बैग में रखे करीब 20 लाख रुपये मूल्य के 180 ग्राम सोने के आभूषण, दो मोबाइल फोन और तीन लाख रुपये मूल्य की कार लूट ली। लूटी गई चीजों का कुल अनुमानित मूल्य 23.10 लाख रुपये था।
पुलिस के मुताबिक, विकास की शिकायत पर पनंबुर पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। इस दौरान, पुलिस ने शिकायतकर्ता की कार 30 जून को बंतवाल में एक पहाड़ी क्षेत्र से बरामद की।
पुलिस के मुताबिक, पनंबुर पुलिस के निरीक्षक सलीम अब्बास और उनकी टीम ने दो जुलाई को कथित मुख्य आरोपी निमिल (37) को केरल के कन्नुर में एमआईएमएस अस्पताल के पास गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, उसी दिन, पुलिस ने कोडगु जिले के मडिकेरी तालुक से दूसरे आरोपी इरशाद (40) को गिरफ्तार किया जिसने कथित तौर पर मुख्य आरोपी को शरण दी थी।
पुलिस ने कहा कि दो जुलाई की रात तीसरे आरोपी मुस्तफा (49) को मडिकेरी में मुरनाड जंक्शन के पास लायन्स क्लब बस स्टैंड के निकट गिरफ्तार किया गया जिसने कथित तौर पर डकैती में उपयोग एक वाहन की व्यवस्था की थी।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि इस अपराध में 16 व्यक्ति शामिल थे जिसमें से 14 व्यक्ति प्रत्यक्ष रूप से डकैती में शामिल हुए, जबकि दो अन्य ने कथित तौर पर सहायता उपलब्ध कराई।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को शुक्रवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया जिसने उन्हें पूछताछ के लिए 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस ने कहा कि लूटी गई कार और एक एसयूवी बरामद कर ली गई है, हालांकि, दो अन्य वाहन, 180 ग्राम स्वर्ण आभूषण और दो मोबाइल फोन का अभी पता नहीं चला है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि सभी आरोपी कर्नाटक के कोडगु जिले और पड़ोसी राज्य केरल के रहने वाले हैं।
भाषा सं राजेंद्र अमित
अमित
0307 2154 मंगलुरु