दिल्ली पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 27 लोगों से ठगी के आरोप में एक को गिरफ्तार किया
अविनाश
- 03 Jul 2026, 10:28 PM
- Updated: 10:28 PM
नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 27 लोगों से करीब 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
आरोपी की पहचान भारत मिश्रा उर्फ प्रीतम कुमार मिश्रा उर्फ राजेश प्रसाद (52) के रूप में हुई है। उसे एक जुलाई को नोएडा से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, यह मामला तब प्रकाश में आया जब शिकायतकर्ता गौतम कुमार थापा और 26 अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि 2022-23 के दौरान, उन्हें पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी से संचालित होने वाली 'स्काई ब्लू ओवरसीज कंसल्टेंसी' नामक कंपनी द्वारा विदेश में आकर्षक रोजगार के अवसरों का झांसा दिया गया।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि उनसे अपने पासपोर्ट जमा करने और वीजा प्रक्रिया, मेडिकल जांच, हवाई टिकट तथा अन्य संबंधित खर्चों के लिए पैसे जमा करने को कहा गया।
पुलिस ने कहा कि आरोपी और उसके सहयोगियों ने कंपनी का निदेशक और पदाधिकारी बनकर, पीड़ितों को विदेश में पक्की नौकरी का आश्वासन देने के बाद नकद और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से पैसे लिए।
उन्होंने इसे वास्तविक दिखाने के लिए, पीड़ितों के लिए कथित तौर पर मेडिकल जांच की व्यवस्था की और उन्हें जाली वीजा और हवाई टिकट सौंप दिए, जिससे ऐसा लगा कि उनकी नौकरियां लग चुकी हैं।
पुलिस ने बताया कि हालांकि, पीड़ितों के यात्रा करने से पहले ही आरोपी दफ्तर बंद कर फरार हो गए।
अब तक 27 शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से संपर्क कर आरोप लगाया है कि उनसे करीब 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है।
जांच के दौरान, पुलिस ने पाया कि आरोपी और उसके सहयोगियों ने अपनी असली पहचान छुपाई थी और फर्जी पहचान दस्तावेजों के सहारे काल्पनिक नामों से काम कर रहे थे। कार्यालय परिसर को भी कथित तौर पर फर्जी पहचान पत्र का उपयोग कर किराए पर लिया गया था।
ईओडब्ल्यू ने कहा कि आरोपी व्यक्तियों के ज्ञात आवासीय और कार्यालय पतों पर व्यापक छापेमारी की गई, लेकिन वे वहां से भाग गए थे। तकनीकी और वित्तीय खुफिया जानकारी के साथ-साथ निरंतर निगरानी और ''लुक आउट सर्कुलर'' की मदद से पुलिस ने मिश्रा को नोएडा के शिव धाम एन्क्लेव में पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि मिश्रा वर्तमान में नोएडा में अपने आवास से ज्योतिष का व्यवसाय चला रहा है।
पुलिस ने कहा कि धोखाधड़ी से हासिल रकम और शेष आरोपियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश
0307 2228 दिल्ली