एनसीआरटीसी ने यात्रियों को नमो भारत के संचालन से परिचित कराने के लिए संवाद सत्र आयोजित किया
पवनेश
- 04 Jul 2026, 09:10 PM
- Updated: 09:10 PM
नयी दिल्ली, चार जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित बेगमपुल आरआरटीएस स्टेशन पर यात्रियों को टिकटिंग, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रेन संचालन और यात्रा संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी देने के लिए एक संवाद सत्र आयोजित किया।
'नो योर नमो भारत' शीर्षक वाला यह सत्र एनसीआरटीसी के 'नमो भारत चैंपियंस' कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 'नमो भारत चैंपियंस' समूह से जुड़े नियमित यात्रियों ने एनसीआरटीसी अधिकारियों के साथ संवाद किया, जिससे उन्हें नमो भारत ट्रेनों, स्टेशनों और उनसे जुड़ी विभिन्न परिचालन प्रक्रियाओं की जानकारी मिली।
एनसीआरटीसी ने एक बयान में कहा कि संवाद और स्टेशन भ्रमण के माध्यम से अधिकारियों ने उन प्रणालियों और प्रक्रियाओं के बारे में व्यावहारिक जानकारी प्रदान की, जो नमो भारत में सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करती है।
बयान के अनुसार, इस सत्र में यात्रा के दौरान आमतौर पर होने वाली समस्याओं और टिकटिंग संबंधी प्रश्नों का भी समाधान किया गया। प्रतिभागियों को टिकट वेंडिंग मशीनों तथा 'नमो भारत कनेक्ट' ऐप के माध्यम से क्यूआर-कोड आधारित कागजी और डिजिटल टिकट बुक करने की प्रक्रिया समझायी गई।
बयान में कहा गया कि उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल (यूपीएसएसएफ) के वरिष्ठ अधिकारियों और स्टेशन प्रभारी ने यात्रियों को नमो भारत स्टेशनों पर लागू सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
अधिकारियों ने यात्रियों को विभिन्न सुरक्षा उपायों की भी जानकारी दी, जिनमें महिलाओं के लिए समर्पित कोच, महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित सीटें, तथा ट्रेनों और स्टेशनों पर चौबीसों घंटे सीसीटीवी निगरानी शामिल हैं।
एनसीआरटीसी के अनुसार, यात्रियों को स्टेशन परिसरों के आसपास सुरक्षा बढ़ाने के लिए किए गए उपायों, जैसे पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और अंतिम गंतव्य तक बेहतर कनेक्टिविटी के बारे में भी अवगत कराया गया।
इस सत्र में आपातकालीन स्थितियों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने आग लगने की स्थिति, आपातकालीन निकास और अन्य आपात परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं की जानकारी दी। एनसीआरटीसी ने बताया कि यात्रियों ने ऐसी परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया को लेकर विशेष रुचि दिखाई।
निगम ने कहा कि 'नमो भारत चैंपियंस' कार्यक्रम का उद्देश्य यात्रियों को क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) को बेहतर बनाने में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना है।
भाषा गोला पवनेश
पवनेश
0407 2110 दिल्ली