दतिया की जनता 30 जुलाई को फिर लोकतंत्र की रक्षा करेगी : जीतू पटवारी
संतोष
- 04 Jul 2026, 10:12 PM
- Updated: 10:12 PM
दतिया, चार जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार को कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और यह जनता के आशीर्वाद से 30 जुलाई को होने वाले दतिया विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज करेगी।
दतिया विधानसभा सीट पर विधायक राजेंद्र भारती को धोखाधड़ी के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद उनकी सदस्यता समाप्त होने के कारण उपचुनाव कराया जा रहा है।
पटवारी ने यहां पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और संगठन की मजबूती इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में बदलाव की लहर है।
उन्होंने कहा कि राजेंद्र भारती ने सरकार के दबाव, अदालतों के लगातार चक्कर लगाने और राजनीतिक साजिशों के बावजूद कभी समझौता नहीं किया।
पटवारी ने कहा, ''उन्होंने जनता के वोट, लोकतंत्र और अपने स्वाभिमान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष किया। झुकने के बजाय लड़ना ही एक सच्चे जनप्रतिनिधि की पहचान है।''
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र के दतिया की जनता ने पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पर भरोसा जताया था और इस बार भी अहंकार, अन्याय तथा अलोकतांत्रिक सोच का जवाब देते हुए लोकतंत्र की रक्षा करेगी तथा कांग्रेस को विजयी बनाएगी।
उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और जनता के आशीर्वाद से दतिया उपचुनाव जीतेगी।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रह चुके गोविंद सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
इससे पहले उपचुनाव से जुड़े एक सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि इस संबंध में निर्णय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष लेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पार्टी एक 'डमी' उम्मीदवार भी उतारेगी। उन्होंने कहा कि डमी उम्मीदवार हमेशा नामांकित किए जाते हैं।
हाल में हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस को उस समय झटका लगा था, जब तकनीकी कारणों से पार्टी नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन अंतिम समय में निरस्त हो गया था।
निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को बिहार, मध्य प्रदेश (दतिया) और गुजरात की एक-एक विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा की थी। कार्यक्रम के अनुसार 30 जुलाई को मतदान होगा और तीन अगस्त को मतगणना की जाएगी।
वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने दतिया सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक मतों के अंतर से हराया था।
दिल्ली की एक अदालत ने इस वर्ष अप्रैल में वर्ष 1998 से 2011 के बीच अवैध ब्याज भुगतान प्राप्त करने के लिए बैंक अभिलेखों में कथित जालसाजी से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में भारती को तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी। हालांकि, अदालत ने उन्हें जमानत दे दी थी।
दोषसिद्धि के बाद भारती को मध्यप्रदेश विधानसभा की सदस्यता के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया।
भाषा सं दिमो संतोष
संतोष
0407 2212 दतिया