अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ पर नयी दिल्ली में अमेरिकी दूतावास ने विशेष वीडियो साझा किया
सुभाष
- 05 Jul 2026, 12:16 AM
- Updated: 12:16 AM
नयी दिल्ली, चार जुलाई (भाषा) दिल्ली में अमेरिकी दूतावास ने अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ पर शनिवार को एक विशेष वीडियो साझा किया, जिसमें पूर्व नासा अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स, संगीतकार ए.आर. रहमान और कई अन्य मशहूर भारतीय हस्तियां इस खास मौके पर बधाई देती नजर आईं।
करीब ढाई मिनट के इस वीडियो में ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा, पूर्व क्रिकेटर सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़ और मिताली राज, अभिनेता आर. माधवन और ऋतुपर्णा सेनगुप्ता, बैडमिंटन खिलाड़ी पी. वी. सिंधु, कांग्रेस नेता शशि थरूर तथा भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर सहित कई अन्य प्रमुख हस्तियां भी शामिल हैं।
वीडियो की शुरुआत हाल ही में फ्रांस में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की द्विपक्षीय बैठक के दृश्यों से होती है।
इसमें अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो का पहले से रिकॉर्ड किया गया संदेश भी शामिल है, जिसमें उन्होंने कहा, ''हम अपने भारतीय साझेदारों के साथ मिलकर इस अवसर का जश्न मनाने के लिए उत्सुक हैं।''
हाल ही में, अमेरिका ने अपनी स्वतंत्रता के 250 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नयी दिल्ली में एक भव्य समारोह का आयोजन किया था।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी इस अवसर पर अमेरिका को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, अमेरिका की सरकार और वहां की जनता को उनकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ पर हार्दिक शुभकामनाएं। हम व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं।''
दूतावास द्वारा साझा किए गए वीडियो में विभिन्न प्रमुख हस्तियों ने बताया कि अमेरिका उनके लिए क्या मायने रखता है।
पूर्व नासा अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने कहा, ''राइट बंधुओं से लेकर चंद्रमा पर मनुष्य के कदम रखने तक, आपने हजारों लोगों को असंभव की कल्पना करने और नयी खोजों के लिए प्रेरित किया है।''
19 सितंबर 1965 को ओहायो में दीपक पंड्या और उर्सुलिन बॉनी पंड्या के घर जन्मीं अमेरिका की पूर्व नौसेना कप्तान सुनीता विलियम्स आज भी भारत में प्रेरणा की एक बड़ी मिसाल मानी जाती हैं।
भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने कहा कि अमेरिका ने ''दुनिया को बड़े सपने देखने और जिज्ञासु बने रहने की प्रेरणा दी है।''
ऑस्कर विजेता संगीतकार ए. आर. रहमान ने अपने संदेश में कहा, ''शुभकामनाएं... शांति और प्रेम।''
भाषा गोला सुभाष
सुभाष
0507 0016 दिल्ली