सरकार ने ओएनजीसी चेयरमैन के लिए प्रवेश आयु बढ़ाकर 59 वर्ष की
रमण
- 05 Jul 2026, 03:50 PM
- Updated: 03:50 PM
नयी दिल्ली, पांच जुलाई (भाषा) सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) के अगले चेयरमैन की नियुक्ति के लिए पात्रता शर्तों में ढील दी है। इसके तहत अधिकतम प्रवेश आयु बढ़ाकर 59 वर्ष कर दी गई है और चयनित उम्मीदवार को तीन वर्ष का निश्चित कार्यकाल दिया जाएगा, जिसे प्रदर्शन समीक्षा के आधार पर दो वर्ष तक बढ़ाया जा सकेगा।
इस कदम से देश की सबसे बड़ी तेल एवं गैस उत्पादक कंपनी के शीर्ष पद के लिए अधिक उम्मीदवारों के लिए अवसर खुल गया है।
सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में नियुक्तियों के लिए प्रमुख चयन एजेंसी लोक उद्यम चयन बोर्ड (पीईएसबी) ने इस पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह पद सात दिसंबर को वर्तमान चेयरमैन अरुण कुमार सिंह के विस्तारित कार्यकाल समाप्त होने के बाद खाली हो जाएगा।
ओएनजीसी के विज्ञापन के अनुसार, उम्मीदवार की आयु पद रिक्त होने की तिथि यानी सात दिसंबर 2026 तक 59 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवार को प्रारंभ में तीन वर्ष के लिए नियुक्त किया जाएगा, जिसे प्रदर्शन के आधार पर दो वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है।
विज्ञापन में कहा गया है, "60 वर्ष की आयु के बाद किसी भी तरह का रोजगार या कार्यकाल का विस्तार अनुबंध के आधार पर होगा।"
यह चयन सामान्य पीईएसबी चयन प्रक्रिया के बजाय पेट्रोलियम मंत्रालय द्वारा गठित एक 'खोज-सह-चयन समिति' द्वारा किया जाएगा।
संशोधित आयु सीमा केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों (सीपीएसई) में अधिकांश बोर्ड-स्तरीय नियुक्तियों के लिए अपनाए जाने वाले मानदंडों से अलग है।
हाल के वर्षों में अधिकतर नियुक्तियां शेष सेवा अवधि के आधार पर होती रही हैं, जबकि इस विज्ञापन में स्पष्ट रूप से 59 वर्ष की अधिकतम प्रवेश आयु तय की गई है।
कार्यकाल संबंधी शर्तें भी मौजूदा परंपरा से अलग हैं, जिसके तहत आमतौर पर पीएसयू प्रमुखों की नियुक्ति सेवानिवृत्ति आयु (जो सामान्यतः 60 वर्ष होती है) तक की जाती है। नई व्यवस्था के तहत, चेयरमैन 60 वर्ष की आयु के बाद भी अनुबंध आधार पर कार्यरत रह सकते हैं।
सरकार ने 2022 में सिंह की नियुक्ति के समय भी इसी तरह की छूट दी थी।
भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक पद से अक्टूबर 2022 में सेवानिवृत्त हुए सिंह ने सरकार द्वारा पात्रता मानदंड में ढील दिए जाने के बाद छह दिसंबर 2022 को ओएनजीसी का कार्यभार संभाला था।
पिछले साल केंद्र सरकार ने उन्हें एक साल का सेवा विस्तार दिया था, जिससे वह छह दिसंबर 2026 तक ओएनजीसी के चेयरमैन पद पर बने रहने के पात्र हुए। तब तक उनकी आयु 64 वर्ष से अधिक हो जाएगी।
सरकार ने पिछले साल ही एक नियमित चेयरमैन की तलाश शुरू कर दी थी।
विज्ञापन के अनुसार, आवेदन की अंतिम तिथि 21 जुलाई है जबकि निर्धारित माध्यमों से आवेदन भेजने की आखिरी तारीख 30 जुलाई है।
भाषा योगेश रमण
रमण
0507 1550 दिल्ली