यूसीसी को लेकर होने वाली जनसुनवाई सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश: डोटासरा
जितेंद्र
- 07 Jul 2026, 04:46 PM
- Updated: 04:46 PM
जयपुर, सात जुलाई (भाषा) कांग्रेस की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी राज्य में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर होने वाली जनसुनवाई का बहिष्कार करेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है और इसका उद्देश्य सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाना है।
डोटासरा ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में संवाददाताओं से कहा कि यूसीसी को लेकर न तो कोई मसौदा (ड्राफ्ट) और न ही कोई प्रस्ताव सार्वजनिक किया गया है।
उन्होंने सवाल किया, "जब न कोई मसौदा है और न कोई प्रस्ताव, तो आखिर जनसुनवाई किस बात को लेकर हो रही है?"
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि यह प्रक्रिया सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने और राजनीतिक लाभ के लिए धार्मिक ध्रुवीकरण करने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।
डोटासरा ने यह भी आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया से जुड़ी समिति में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े लोग शामिल हैं और इसी समिति को विभिन्न राज्यों में भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा, "अगर ऐसी समिति को काम करना है तो उसे अलग-अलग राज्यों में क्यों भेजा जा रहा है? यह संघीय व्यवस्था पर हमला है।"
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि दो-तिहाई बहुमत और संविधान संशोधन को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं।
डोटासरा ने कहा, "वे (केंद्र सरकार) दो-तिहाई बहुमत और संविधान संशोधन के जरिए क्या करना चाहते हैं? क्या वे मौलिक अधिकार, आरक्षण, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता या संविधान के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप को खत्म करना चाहते हैं?"
जनसुनवाई से दूरी बनाने के कांग्रेस के फैसले पर डोटासरा ने कहा कि पार्टी को आशंका है कि इससे जमीनी स्तर पर तनाव उत्पन्न हो सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया, "वे (केंद्र सरकार) चाहते हैं कि हम जनसुनवाई में जाएं और फिर ऐसे हालात उत्पन्न किए जाएं, जहां विवाद खड़े हों और धार्मिक मुद्दे उठाकर समाज में नफरत फैलाई जाए।"
डोटासरा ने राज्य सरकार पर पानी की कमी, बिजली संकट, बढ़ते अपराध और किसानों की समस्याओं जैसे अहम मुद्दों की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "लोग बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन उन मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं हो रही है।"
डोटासरा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि जनता ने भले ही भाजपा को वोट दिया हो लेकिन 'राजस्थान में शासन आरएसएस चला रहा है'।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्यभर में जनता के मुद्दे उठाती रहेगी और उन्हें उचित मंचों पर मजबूती से रखेगी।
भाजपा की आरोपों पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र
0707 1646 जयपुर