अपराधियों और घुसपैठियों को बिहार छोड़ना होगा : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
जितेंद्र
- 07 Jul 2026, 05:25 PM
- Updated: 05:25 PM
अररिया, सात जुलाई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और अपराध व घुसपैठ के खिलाफ सरकार की किसी प्रकार की नरमी नहीं बरतने की नीति जारी रहेगी।
उन्होंने कहा, ''अपराधियों और घुसपैठियों को हर हाल में बिहार छोड़ना होगा।'' मुख्यमंत्री ने अररिया में राज्य सरकार द्वारा हाल में शुरू किए गए 'सहयोग शिविर' को संबोधित करते हुए यह बात कही।
इन शिविरों का उद्देश्य विभिन्न सरकारी विभागों से जुड़ी लोगों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करना है।
उन्होंने कहा कि जिले में जल्द ही एक चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल की स्थापना की जाएगी तथा फारबिसगंज प्रखंड में एक हवाई अड्डे का निर्माण किया जाएगा।
चौधरी ने कहा, ''राज्य सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। अपराध और घुसपैठ के प्रति हमारी 'जीरो टॉलरेंस' की नीति का सख्ती से पालन किया जाएगा और यह आगे भी जारी रहेगी। मैंने शुरू से ही कहा है कि अपराधियों और घुसपैठियों को हर हाल में बिहार छोड़ना होगा।''
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 735 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 194 सीमा चौकियां (बीओपी) स्थापित की गई हैं। उन्होंने पंचायत स्तर पर राज्यभर में मंगलवार को आयोजित 'सहयोग शिविरों' का जिक्र करते हुए कहा कि इनके माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों से संबंधित लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ये शिविर प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को लगाये जाते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गरीबों और समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
चौधरी ने राज्य सरकार की टोल नीति को स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य राजमार्गों पर टोल को लेकर किसी प्रकार का भ्रम नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि निजी वाहनों से कोई टोल नहीं लिया जाएगा बल्कि केवल वाणिज्यिक वाहनों से ही कर वसूला जाएगा।
राज्य सरकार ने हाल में 'बिहार सड़क उपयोगकर्ता शुल्क नियमावली, 2026' अधिसूचित की है, जिसके तहत राज्य के चयनित राजमार्गों, प्रमुख पुलों, बाईपास और सुरंगों पर टोल वसूली के लिए नया ढांचा लागू किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिलीगुड़ी-गोरखपुर एक्सप्रेसवे, कोसी-मेची लिंक परियोजना, बैरगाछी-सिकटी सड़क, टेक्सगंज-सुकेला बाईपास और सुभाष चौक रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) सहित कई प्रमुख आधारभूत ढांचा परियोजनाओं पर तेजी से काम जारी है। भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र
0707 1725 अररिया