गुजरात में भारी बारिश का कहर: सूरत में पांच की मौत, 2100 लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए
अविनाश
- 07 Jul 2026, 10:01 PM
- Updated: 10:01 PM
सूरत, सात जुलाई (भाषा) दक्षिण गुजरात के कई हिस्सों में मंगलवार को अत्यंत भारी बारिश हुई। इससे सूरत जिला सबसे अधिक प्रभावित हुआ, जहां पिछले दो दिनों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि बाढ़ प्रभावित इलाकों से 2,100 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सूरत जिले की कामरेज तहसील में मंगलवार को शाम चार बजे तक, महज 10 घंटों के भीतर 305 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के मद्देनजर नवसारी और सूरत जिलों में मंगलवार को स्कूल और कॉलेज बंद रहे।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अपने पूर्वानुमान में कहा, "पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण गुजरात क्षेत्र के सूरत, वलसाड, दादरा और नगर हवेली में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश हुई।"
सूरत नगर निगम के आयुक्त एम. नागराजन ने संवाददाताओं को बताया कि विभिन्न क्षेत्रों से करीब 2,100 लोगों को सुरक्षित आश्रय स्थलों पर स्थानांतरित किया गया है। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि पिछले दो दिनों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में कुल पांच मौतें हुई हैं।
अधिकारी ने कहा, "आज करंट लगने से दो लोगों की मौत की खबर है, जबकि एक अन्य व्यक्ति की कामरेज इलाके में मौत हो गई। इससे पहले सोमवार को सूरत के रांदेर इलाके में करंट लगने से दो लोगों की जान चली गई थी।"
गांधीनगर स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, सूरत के कई तहसीलों में दिन के दौरान 200 मिमी से अधिक बारिश हुई। जिले के कामरेज तहसील में मंगलवार सुबह छह बजे से शाम चार बजे के बीच 305 मिमी बारिश दर्ज की गई जबकि सूरत शहर में 260 मिमी और पलसाना कस्बे में 205 मिमी बारिश हुई।
नवसारी जिले के नवसारी तहसील में 195 मिमी बारिश हुई, जबकि जलालपोर में 177 मिमी बारिश दर्ज की गई।
नगर निगम आयुक्त ने नागरिकों को मूसलाधार बारिश को देखते हुए जरूरत होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है।
उन्होंने कहा, "सूरत में आज शाम चार बजे तक भारी बारिश हुई, जिससे सड़कें बंद हो गईं, सार्वजनिक परिवहन बाधित हुआ और अचानक बाढ़ आने की आशंका बनी हुई है। नागरिकों से अनुरोध है कि वे घरों में सुरक्षित रहें।"
मौसम विभाग ने आगे भी बारिश होने का अनुमान जताया है। पूर्वानुमान में कहा गया है कि 8 जुलाई की सुबह 8:30 बजे तक दक्षिण गुजरात क्षेत्र के सूरत, डांग, नवसारी, वलसाड, तापी और दमन, दादरा और नगर हवेली में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा सौराष्ट्र के भावनगर जिले में भी ऐसी ही स्थिति रह सकती है।
आईएमडी ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात के शेष हिस्सों में आगे बढ़ गया है।
मौसम विभाग द्वारा जारी 'रेड अलर्ट' को देखते हुए नवसारी जिला प्रशासन ने मंगलवार को जिले के सभी आंगनबाड़ियों, स्कूलों, कॉलेजों और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) को बंद रखा।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश
0707 2201 सूरत