जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षा बलों के अभियान में लश्कर-ए-तैयबा का 'कमांडर' ढेर
नरेश
- 08 Jul 2026, 01:47 PM
- Updated: 01:47 PM
(तस्वीरों सहित)
श्रीनगर, आठ जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों के आतंकवाद विरोधी अभियान में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का एक स्वयंभू कमांडर मारा गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
सुरक्षा बलों ने दक्षिण कश्मीर के इस जिले में मीमांदर इलाके में तीन जुलाई को तलाश अभियान शुरू किया था।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''तुम सिर्फ कुछ दूर तक भाग सकते हो लेकिन हमारी नजरों से छिप नहीं सकते। राष्ट्रीय राइफस (आरआर) और सीआरपीएफ के साथ एक संयुक्त अभियान में शोपियां के विशेष अभियान समूह ने लश्कर के एक आतंकवादी को ढेर कर दिया।''
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मारे गए आतंकी की पहचान जाकिर अहमद गनी (26) के रूप में की, जो प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा संगठन का स्वयंभू कमांडर था।
अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसी जिले कुलगाम के मोटलहामा इलाके के निवासी गनी 27 सितंबर 2023 को घर से काम की तलाश में निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
उन्होंने बताया कि काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ भी पता नहीं चल पाने के बाद परिवार के सदस्यों ने तीन अक्टूबर, 2023 को कुलगाम थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद गनी लश्कर-ए-तैयबा की एक शाखा, आतंकी संगठन 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' (टीआरएफ) में शामिल हो गया।
उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ कुलगाम थाने में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज है।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने तीन जुलाई को सीसीटीवी कैमरों में मीमांदर इलाके के एक घने बाग में दो आतंकियों को देखा था।
उन्होंने बताया कि पुलिस, सेना की 55 आरआर और 44 आरआर, तथा सीआरपीएफ की एक संयुक्त टीम ने पिछले पांच दिनों से इस इलाके की घेराबंदी की हुई थी, जिसके दौरान दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही थी।
उन्होंने बताया कि सेना की विशेष आतंकवाद विरोधी इकाई 'विक्टर फोर्स' ने घने बाग से भागने के सभी संभावित रास्तों को बंद करने के लिए अतिरिक्त जवान तैनात किए, साथ ही इलाके में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई।
गनी के अलावा, दूसरे आतंकवादी की पहचान लतीफ के रूप में की गई है जो पिछले साल इस संगठन में शामिल हुआ था।
भाषा खारी नरेश
नरेश
0807 1347 श्रीनगर