बुनियादी ढांचे के विकास पर करोड़ों रुपये खर्च लेकिन लाभ जनता तक नहीं पहुंचा: घनश्याम सिंह
जितेंद्र
- 12 Jul 2026, 12:26 AM
- Updated: 12:26 AM
दतिया, 11 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व विधायक घनश्याम सिंह ने शनिवार को आरोप लगाया कि क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए लेकिन उसका वास्तविक लाभ आम लोगों तक नहीं पहुंचा।
सिंह ने 'पीटीआई-वीडियो' सेवा से बातचीत में पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा, "मैं पार्टी, उसके नेतृत्व, प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और सभी राष्ट्रीय नेताओं का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया।"
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दतिया में आधारभूत ढांचे का विकास तो हुआ लेकिन इसका लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पाया।
दतिया से दो बार विधायक रह चुके सिंह ने आरोप लगाया कि अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र और स्वास्थ्य सुविधाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए लेकिन सेवाएं अब भी बदहाल हैं और भ्रष्टाचार कायम है।
उन्होंने कहा, "हमारी लड़ाई यह सुनिश्चित करने की है कि विकास का लाभ वास्तव में जनता तक पहुंचे।"
इस बीच, कांग्रेस द्वारा पिता को उम्मीदवार बनाए जाने पर खुशी जताते हुए सिंह की बेटी मांदवी राजे ने 'पीटीआई-वीडियो' सेवा से कहा, "मैं बहुत खुश हूं। दतिया की जनता भी खुश है।"
उन्होंने अपने पिता की प्राथमिकताओं के बारे में पूछे जाने पर कहा कि सबसे पहले दतिया को भयमुक्त बनाया जाएगा।
मांदवी ने कहा, "दतिया में गुंडों का राज खत्म होना चाहिए और जनता का राज स्थापित होना चाहिए। हम किसानों, गरीबों और विकास के मुद्दों पर कांग्रेस के साथ खड़े हैं।"
पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का टिकट नहीं मिलने के बाद दतिया में हुए विरोध-प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर मांदवी राजे ने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए था।
उन्होंने कहा, "जाम में कई एम्बुलेंस फंस गई थीं। गरीब लोग भूखे-प्यासे वाहनों में बैठे रहे। इससे जनता के बीच गलत संदेश गया।"
मांदवी ने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के समर्थन को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि यह चुनाव कांग्रेस लड़ रही है और सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करेंगे।
वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक मतों से हराया था।
हालांकि, दिल्ली की एक अदालत ने अप्रैल में धोखाधड़ी के एक मामले में भारती को तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई और दतिया सीट पर उपचुनाव कराने की आवश्यकता पड़ी।
बाद में उन्हें जमानत मिल गई।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना तीन अगस्त को होगी।
भाषा दिमो जितेंद्र
जितेंद्र
1207 0026 दतिया