नॉर्वे को हराकर इंग्लैंड विश्व कप सेमीफाइनल में
मोना
- 12 Jul 2026, 08:08 AM
- Updated: 08:08 AM
मियामी गार्डंस, 12 जुलाई (एपी) अतिरिक्त समय के तीसरे मिनट में जूड बेलिंगहम के गोल की मदद से इंग्लैंड ने नॉर्वे को 2 . 1 से हराकर 2018 के बाद पहली बार विश्व कप फुटबॉल के सेमीफाइनल में जगह बना ली ।
बेलिंगहम ने पहले हाफ में बराबरी का गोल भी किया था । रीयाल मैड्रिड के स्टार स्ट्राइकर के अब हैरी केन के बराबर छह गोल हो गए हैं और वह आठ गोल करने वाले फ्रांस के कीलियन एमबाप्पे और अर्जेंटीना के लियोनेल मेस्सी से ही पीछे हैं ।
उन्होंने अंतिम 16 के मुकाबले में सह मेजबान मैक्सिको के खिलाफ भी दो गोल किये थे ।
विश्व कप 1966 विजेता इंग्लैंड का सामना अब अर्जेंटीना या स्विटजरलैंड से होगा ।
नॉर्वे के लिये आंद्रियास श्जेलडेरप ने 36वें मिनट में गोल करके टीम को बढत दिला दी । इसके साथ ही इंटरनेट पर 'वाइकिंग रो' ( नॉर्वे का जश्न मनाने का अनूठा अंदाज) छा गया ।
नॉर्वे और मैनचेस्टर सिटी के स्टार एर्लिंग हालैंड इस विश्व कप में पहली बार एक भी गोल नहीं कर सके । दूसरे हाफ के अतिरिक्त समय में उनकी जगह जोर्गन स्ट्रांड लारसेन को उतारा गया ।
नॉर्वे ने 56वें मिनट में 2 . 1 की बढत बना ली थी जब टोरबोर्न हेगेम ने कॉर्नर किक पर रिबाउंड पर गोल किया लेकिन वीडियो रिव्यू के बाद उसे अमान्य कर दिया गया क्योंकि हालैंड ने बॉक्स के भीतर फाउल किया था । पहले हाफ में हालैंड ने हेडर लगाया जिसे गोलकीपर जोर्डन पिकफोर्ड ने रोक लिया था ।
बेलिंगहम ने बराबरी का गोल किया तो इंग्लैंड के समर्थकों में जोश का संचार हो गया । दर्शक दीर्घा में इंग्लैंड के महान खिलाड़ी डेविड बैकहम और मिक जागेर भी बैठे थे ।
बेलिंगहम के स्कोर बराबर करने से ठीक पहले नॉर्वे के गोल किक के दौरान गेंद हवा में लगे कैमरे के केबल से टकराती हुई दिखी और फिर इंग्लैंड के इलियट एंडरसन के पैरों के पास गिरी। इसके बाद गेंद बेलिंगहम के पास पहुंची, जिन्होंने एक लो शॉट मारकर गेंद को दूर वाले पोस्ट की तरफ भेजा और गोलकीपर ओर्जन नाइलैंड रोक नहीं सके । नियमों के अनुसार अगर गेंद के केबल से टकराने का पता चल जाता तो खेल रोक दिया जाता और गेंद पर नियंत्रण तय करने के लिए 'ड्रॉप बॉल' का इस्तेमाल किया जाता।
मैच शुरू होने से पहले दक्षिण अफ्रीका के 25 वर्ष के मिडफील्डर जेडेन एडम्स को श्रृद्धांजलि देने के लिये मौन रखा गया । एडम्स का शनिवार को निधन हो गया था ।
एपी मोना
मोना
1207 0808 मियामी गार्डन्स