अमेरिका: मिसौरी में बाढ़ के बीच 200 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया
गोला
- 12 Jul 2026, 08:47 AM
- Updated: 08:47 AM
जेफरसन सिटी (अमेरिका), 12 जुलाई (एपी) अमेरिका के मिसौरी प्रांत में शुक्रवार को हुई भारी बारिश से राज्य के कई हिस्से बुरी तरह प्रभावित हुए और एक ग्रीष्मकालीन शिविर में भाग ले रहे 200 से अधिक बच्चों समेत बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
धीमी गति से दक्षिण की ओर बढ़ रहे तूफानों के कारण कई अन्य राज्यों में भी भीषण आंधी चलने और बाढ़ आने का खतरा बना हुआ है।
राष्ट्रीय मौसम सेवा ने बताया कि खराब मौसम ने दक्षिणी मिसौरी के ओजार्क पर्वतीय क्षेत्र से लेकर ओहायो और टेनेसी नदी घाटियों के बड़े हिस्से तक एक विस्तृत क्षेत्र को प्रभावित किया है।
मौसम सेवा के अनुसार, इन तूफानों के कारण कई राज्यों वाले इस क्षेत्र में तेज हवाएं चल सकती हैं, भारी बारिश हो सकती है और कई जगह बाढ़ आ सकती है। कुछ स्थानों पर रविवार तक इसका असर रहने की आशंका है।
मिसौरी की आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी ने चेतावनी दी कि तूफान राज्य से बाहर, दक्षिण की ओर बढ़ रहे हैं लेकिन अब भी आंधी आने और बाढ़ आने की आशंका बनी हुई है। खासकर उन इलाकों में खतरा अधिक है, जहां पहले ही 15 से 30 सेंटीमीटर तक बारिश हो चुकी है।
शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण दक्षिण-पूर्वी मिसौरी के छोटे से इलाके लेस्टरविल में 'कैंप टॉम सॉक' के आसपास की सड़कों पर पानी भर गया जिससे बच्चे और कर्मचारी शिविर में फंस गए।
राज्य के राजमार्ग गश्ती दल के सार्जेंट एडी यंग ने बताया कि अमेरिकी सेना के नेशनल गार्ड ने 'ब्लैक हॉक' हेलीकॉप्टरों की मदद से उन्हें पास के एक प्राथमिक विद्यालय पहुंचाया, जहां बच्चों को उनके परिवारों से मिलाया गया।
इस बीच, सेंट लुइस से करीब 140 किलोमीटर दक्षिण में ब्लैक नदी के पास स्थित 'बेयरकैट गेटअवे' शिविर में मौजूद लोग तेज बहाव से बचने के लिए एक इमारत की छत पर चढ़ गए लेकिन बाद में वह इमारत ढह गई।
यंग ने कहा, ''लोगों के वजन और इमारत के नीचे लगातार बह रहे पानी के कारण वह ढह गई।''
उन्होंने बताया कि रेनॉल्ड्स काउंटी में ब्लैक नदी के बीच तीन अन्य लोग पेड़ों पर फंस गए थे, जिन्हें बचा लिया गया।
इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन क्रॉफर्ड काउंटी में एक मकान नींव से उखड़कर बह जाने के बाद से एक महिला लापता है।
यंग ने शनिवार को पुष्टि की कि फेथ ग्रेगरी नाम की महिला लापता है।
मौसम सेवा ने एक के बाद एक कई तूफानों के आने के कारण क्षेत्र में बाढ़ आने की चेतावनी जारी की थी।
एपी सिम्मी गोला
गोला
1207 0847 जेफरसन सिटी (अमेरिका)