आस्था के केंद्रों के खिलाफ साजिश बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: मदन राठौड़
जितेंद्र
- 14 Jul 2026, 04:40 PM
- Updated: 04:40 PM
जयपुर, 14 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मंगलवार को राम मंदिर और बुटाटी धाम से जुड़ी कथित वित्तिय अनियमितता को लेकर कांग्रेस नेताओं के बयानों का जवाब देते हुए कहा कि आस्था के केंद्रों के खिलाफ किसी भी तरह की साजिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राठौड़ ने यहां जारी एक बयान में आरोप लगाया कि कुछ लोग सुनियोजित तरीके से धार्मिक स्थलों की छवि खराब करने और लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ''कुछ लोग योजनाबद्ध तरीके से आस्था के केंद्रों को बदनाम करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की साजिश रच रहे हैं। इसमें विदेशी ताकतों की भी भूमिका हो सकती है, जो समाज के कुछ वर्गों को गुमराह कर ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा देना चाहती हैं।''
राठौड़ ने नागौर जिले के बुटाटी धाम मामले का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, ''बुटाटी धाम के प्रबंधन से कांग्रेस से जुड़े लोग जुड़े रहे हैं। वहां कांग्रेस की एक पार्षद के पति अध्यक्ष हैं। ऐसे में भाजपा पर आरोप लगाने का डोटासरा का प्रयास उनकी अपनी ही पार्टी पर उल्टा पड़ गया।''
राठौड़ ने कहा, ''डोटासरा ने भाजपा को बदनाम करने की कोशिश की लेकिन आरोप उनकी अपनी पार्टी पर ही आ गए।''
उन्होंने कहा कि इस मामले के तथ्य सामने आ चुके हैं और राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश में विपक्ष खुद ही कठघरे में खड़ा हो गया है।
भाजपा नेता ने राम मंदिर से जुड़े हालिया विवादों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिन लोगों का मंदिर या उसकी परंपराओं से कोई संबंध नहीं है, वे समाज में भ्रम फैलाने के लिए बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ''सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।''
राठौड़ ने राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके जैसे समर्पित व्यक्तियों की छवि खराब करने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालु अपनी आस्था से प्रेरित होकर मंदिरों में दान देते हैं और इस धन का उपयोग विकास तथा जनकल्याण के कार्यों में किया जाता है।
राठौड़ ने कहा, ''दान में गड़बड़ी जैसे बेबुनियाद आरोप श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करते हैं। धार्मिक आस्था का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए।''
उन्होंने आरोप लगाया कि इतिहास में विदेशी आक्रांताओं ने भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को निशाना बनाया था और आज भी उसी तरह के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा, ''ऐसी ताकतों की पूरी जांच की जाएगी और उन्हें बेनकाब किया जाएगा। समाज की आस्था को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा।''
राठौड़ ने राज्य में हाल में प्रसूताओं की मौत के मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत संवेदनशील विषय है।
उन्होंने कहा, ''राज्य सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।''
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र
1407 1640 जयपुर