राजस्थान : शहीद जवानों को सैन्य व राजकीय सम्मान से दी गयी अंतिम विदाई
पृथ्वी जितेंद्र
- 17 Jul 2024, 07:21 PM
- Updated: 07:21 PM
जयपुर, 17 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में शहीद हुए राजस्थान के दो जवान अजय सिंह और बिजेंद्र सिंह को बुधवार को झुंझुनू जिले में उनके पैतृक गांवों में सैन्य व राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। जवानों के पार्थिव शरीर बुधवार सुबह विशेष विमान से जयपुर लाये गये, जहां से उन्हें झुंझुनू जिले में उनके पैतृक गांवों में ले जाया गया।
अजय सिंह भैसावता कलां और बिजेंद्र सिंह डुमोली कलां गांव के रहने वाले थे। जवानों की अंत्येष्टि से पहले ‘तिरंगा यात्राएं’ निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग नम आंखों और नारों के साथ जवानों को अंतिम विदाई देने के लिए शामिल हुए।
राज्य सरकार में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और खेतड़ी विधायक धर्मपाल गुर्जर राज्य सरकार की ओर से शोक व्यक्त करने तथा शहीदों के परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे।
शहीद बिजेंद्र सिंह के पैतृक गांव डूमोली कलां में बेढ़म ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “मैं नमन करता हूं दोनों शहीदों को व उनके साथ शहीद हुए सभी जवानों को। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनके परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे। यह झुंझुनू की धरती है और मैं इस धरती को भी नमन करता हूं क्योंकि यहां से बहुत से लोग देश की सेवा करते हुए शहीद हुए हैं।”
खेतड़ी के विधायक धर्मपाल गुर्जर ने कहा, “मैं शहीद सैनिकों के माता-पिता और वीरांगनाओं को सलाम करता हूं। देश सेवा का जज्बा झुंझुनू जिले के कण कण में है। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हमारी माटी में देश सेवा का जज्बा है। मैं प्रार्थना करता हूं कि परिवार को यह क्षति सहने का सामर्थ्य मिले। हम सब उस परिवार के साथ खड़े हैं।”
राज्य सरकार में मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने भैसावता कलां गांव में कहा, “हम इस हमले में शहीद हुए हमारे योद्धाओं को नमन करते हैं। देश बलिदान देने वाले अपने योद्धाओं को याद करता है वह कभी पराजित नहीं हो सकता। भारत हर तरह से इसका जवाब देगा।”
इससे पहले शहीदों की पार्थिव शरीर सुबह जयपुर हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां राज्य सरकार में स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा तथा सेना के अधिकारियों ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।
अधिकारियों के अनुसार, जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में सोमवार देर शाम प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के साथ मुठभेड़ में एक कैप्टन समेत चार सैन्यकर्मी शहीद हुए थे।
भाषा पृथ्वी