राहुल ने वायनाड में राहत अभियान के लिए सेना, सरकारी एजेंसियों का आभार जताया
हक माधव
- 03 Aug 2024, 09:42 PM
- Updated: 09:42 PM
नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केरल के वायनाड में भूस्खलन के बाद बचाव एवं राहत अभियान के लिए सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल(एनडीआरएफ), अन्य कई सरकारी एजेंसियों और स्वयंसेवी संगठनों का शनिवार को आभार जताया और कहा कि भारतवासियों की करुणा और एकजुटता ही वह ताकत है जिसकी वायनाड को अभी जरूरत है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने वायनाड में 100 मकानों के निर्माण का फैसला करने के लिए कर्नाटक सरकार की भी सराहना की।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मैं वायनाड में इस कठिन समय के दौरान सहयोग करने के लिए कर्नाटक के लोगों और सरकार का बहुत आभारी हूं। दुखद भूस्खलन के पीड़ितों के लिए 100 घर बनाने की आपकी प्रतिबद्धता पुनर्वास प्रयासों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भारतवासियों की करुणा और एकजुटता ही वह ताकत है जिसकी वायनाड को अभी जरूरत है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं कलपेट्टा रेंज के वन अधिकारियों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करता हूं, जिन्होंने भारी बारिश के बीच कठिन इलाके में अपनी जान जोखिम में डालकर संकट में फंसे एक परिवार को सफलतापूर्वक बचाने के लिए 8 घंटे का अथक अभियान चलाया।’’
राहुल गांधी ने यह भी कहा, ‘‘मैं सेना के जवानों, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, वायनाड में जिला प्रशासन, पंचायत सदस्यों, राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और सभी सामाजिक संगठनों के स्वयंसेवियों को भी तहे दिल से धन्यवाद देता हूं जो बचाव, राहत और पुनर्वास प्रयासों में लगातार मदद कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस कठिन समय में, आपकी निस्वार्थ सेवा, प्रतिबद्धता और एकता हमें इस संकट से उबरने और मजबूत होकर उभरने में मदद करेगी।’’
केरल के वायनाड जिले में 30 जुलाई को बड़े पैमाने पर हुई भूस्खलन की घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 218 हो गई है।
प्रशासन की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, मृतकों में 90 महिलाएं और 30 बच्चे शामिल हैं। इसमें बताया गया है कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में मलबे से अब तक 143 मानव अंग भी बरामद किए जा चुके हैं।
वर्ष 2019 के आम चुनाव में वायनाड लोकसभा क्षेत्र से जीतने वाले गांधी इस साल भी इसी सीट से विजयी हुए थे। उन्होंने उत्तर प्रदेश में रायबरेली लोकसभा सीट से भी जीत दर्ज की थी, इसलिए वायनाड सीट छोड़ दी। इस लोकसभा सीट पर उपचुनाव होने पर कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी वाद्रा उम्मीदवार होंगी।
भाषा हक
हक