भाजपा-जद(एस) का विरोध मार्च ‘अपने पापों से मुक्ति’ के लिए है: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री शिवकुमार
आशीष रंजन
- 04 Aug 2024, 11:00 PM
- Updated: 11:00 PM
चन्नापटना (कर्नाटक), चार अगस्त (भाषा) कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने रविवार को मैसूर शहरी विकास प्राधिकरण (एमयूडीए) के कथित भूखंड आवंटन घोटाले के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (सेक्युलर) की पदयात्रा को कांग्रेस नीत सरकार और मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को घेरने और इसे ‘‘अपने पापों से मुक्ति’’ के लिए मार्च करार दिया।
उन्होंने जद (एस) नेता और केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी से उनके परिवार की संपत्ति के स्रोत के बारे में भी सवाल करते हुए कहा कि वह खेती से हजारों करोड़ रुपये नहीं कमा सकते।
शिवकुमार ने कहा, ‘‘भाजपा-जद (एस) की पदयात्रा अपने पापों से मुक्ति के लिए है...यह भ्रष्टों की, भ्रष्टों द्वारा और भ्रष्टों के लिए पदयात्रा है।’’
भाजपा-जद(एस) की पदयात्रा के जवाब में कांग्रेस द्वारा आयोजित जनआंदोलन कार्यक्रम में उन्होंने भाजपा नेताओं और उनके परिवार, कुमारस्वामी और उनकी पार्टी जद(एस) के नेताओं और उनके परिवारों पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया।
भाजपा और जद (एस) ने सिद्धरमैया की पत्नी पार्वती सहित अन्य को एमयूडीए द्वारा कथित धोखाधड़ी से भूखंड आवंटित करने के खिलाफ शनिवार को बेंगलुरु से सप्ताह भर की ‘मैसूर चलो पदयात्रा’ शुरू की है।
शिवकुमार ने कुमारस्वामी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘क्या उन्होंने सिर्फ आलू और प्याज उगाकर हजारों करोड़ की संपत्ति बनाई है।’’
उन्होंने कुमारस्वामी के बड़े भाई और कर्नाटक प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी एच डी बालकृष्ण गौड़ा और उनके परिवार की संपत्ति के बारे में भी जानना चाहा।
उपमुख्यमंत्री ने सवाल किया, ‘‘कुमारन्ना (कुमारस्वामी), आप मेरी संपत्ति पर चर्चा कर सकते हैं। लेकिन, सबसे पहले, मैसूर, श्रीरंगपटना और बेंगलुरु में अपने भाई-बालकृष्ण गौड़ा, उनकी पत्नी, उनके पिता और परिवार की संपत्ति के बारे में बात करें। साथ ही उनकी बेनामी संपत्ति के बारे में भी बात करें। उनके नाम पर कितनी जमीन है, आपको इसका जवाब देना होगा। एक सरकारी कर्मचारी की संपत्ति कितने हजार करोड़ रुपये है?’’
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कुमारस्वामी से जुड़े खनन घोटालों और कथित अधिसूचना रद्द करने के बारे में अभी तक कुछ नहीं कहा है। शिवकुमार ने कहा, ‘‘मैंने अभी तक आपके परिवार की संपत्ति की सूची जारी नहीं की है, लेकिन मैं जल्द ही करूंगा...।’’
चन्नापटना विधानसभा क्षेत्र में जल्द ही उपचुनाव होने वाले हैं। तारीख की घोषणा अभी नहीं की गई है। कुमारस्वामी के मांड्या से लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद चन्नापटना में उपचुनाव जरूरी हो गया है।
भाषा आशीष