बंगाल डॉक्टर दुष्कर्म-हत्या मामला : तृणमूल कांग्रेस ने सीबीआई से जांच में तेजी लाने का आग्रह किया
रवि कांत रवि कांत रंजन
- 19 Aug 2024, 09:59 PM
- Updated: 09:59 PM
कोलकाता, 19 अगस्त (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक महिला डॉक्टर के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या मामले की जांच में तेजी लाने की मांग की है।
टीएमसी के वरिष्ठ नेता कुणाल घोष ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि हालांकि कोलकाता पुलिस की जांच अच्छी तरह से आगे बढ़ रही थी, लेकिन 13 अगस्त को कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा जांच को सीबीआई को हस्तांतरित कर दिया गया, इसलिए अब यह केंद्रीय एजेंसी की जिम्मेदारी है कि वह शीघ्र ही जांच पूरी करे।
कुणाल घोष ने इस बात पर जोर दिया कि तृणमूल कांग्रेस इस मामले में दोषियों के लिए मृत्युदंड की मांग कर रही है तथा मामले का तत्काल समाधान करने की मांग कर रही है।
कुणाल घोष ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि अगर जरूरत पड़ी तो जांच सीबीआई को सौंप दी जाएगी। कोलकाता पुलिस ने जांच शुरू होने के 12 घंटे के भीतर ही गिरफ्तारी कर ली। मुख्यमंत्री ने पिछले रविवार तक का ही समय मांगा था, लेकिन उससे पहले ही जांच सीबीआई को सौंप दी गई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अब न्याय सीबीआई को ही करना है। केंद्रीय एजेंसी को अपनी केस डायरी में सभी जानकारी उपलब्ध करानी चाहिए, जब आरोपियों को 14 दिन की पुलिस हिरासत में रहने के बाद 23 अगस्त को अदालत में पेश किया जाए।’’
घोष ने कहा कि ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी समेत पार्टी नेतृत्व जनता की भावनाओं से पूरी तरह वाकिफ है।
हालांकि, उन्होंने वाम दलों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सोशल मीडिया के जरिए अफवाह और फर्जी वीडियो फैलाकर घटना का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।
टीएमसी नेता ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘अभी तक केवल एक गिरफ्तारी हुई है, और वो भी कोलकाता पुलिस ने की है। वामपंथी और भाजपा के नेता मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग करके ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।’’
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में नौ अगस्त को ड्यूटी के दौरान स्नातकोत्तर प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। पश्चिम बंगाल की राजधानी में सरकारी अस्पताल के सेमिनार हॉल में 32 वर्षीय डॉक्टर का अर्द्ध निर्वस्त्र शव मिला था।
भाषा रवि कांत रवि कांत