भाजपा के सुरेश गोपी के साथ मेरे ‘सौहार्द्रपूर्ण’ संबंध : फेसबुक विवाद के बाद कथककली नर्तक ने कहा
धीरज माधव
- 20 Mar 2024, 05:30 PM
- Updated: 05:30 PM
त्रिशूर(केरल), 20 मार्च (भाषा) प्रख्यात कथकली नर्तक और हाल में राजनीतिक विवाद के केंद्र में आए कलामंडलम गोपी ने बुधवार को कहा कि अभिनय के क्षेत्र से राजनीति में आए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुरेश गोपी के साथ उनके लंबे समय से ‘सौहार्दपूर्ण संबंध’ हैं । नर्तक ने साथ ही स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी पद्म भूषण सम्मान के लिए भाजपा नेता गोपी से संपर्क नहीं किया।
कलामंडलम गोपी (87) ने कहा कि गोपी को उनके घर आने के लिए किसी की अनुमति की आवश्यकता नहीं है क्योंकि अभिनेता उन्हें अपना गुरु जैसा मानते हैं।
अपने प्रशंसकों के बीच ‘गोपी आसन’ के नाम से मशहूर कलामंडलम गोपी का स्पष्टीकरण उनके बेटे रघु गुरुकृपा द्वारा एक फेसबुक पोस्ट डालने के कुछ दिनों बाद आया है। उनके बेटे ने आरोप लगाया था कि 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार सुरेश गोपी ने उनके पिता को प्रभावित करने की कोशिश की थी। हालांकि, भाजपा नेता ने गुरुकृपा के आरोपों का खंडन किया है।
रघु ने बाद में उक्त सोशल मीडिया पोस्ट को हटा दिया लेकिन उससे पहले ही वह सोशल मीडिया पर कई बार पोस्ट हो चुकी थी। रघु ने आरोप लगाया था कि एक मशहूर डॉक्टर ने उनके पिता को फोन किया और कहा कि सुरेश गोपी उनका आशीर्वाद लेने के लिए उनके घर आएंगे।
गुरुकृपा ने पोस्ट में आरोप लगाया, ‘‘जब डॉक्टर को बताया गया कि वह ऐसा नहीं कर सकते, तो डॉक्टर ने (कलामंडलम गोपी) से पूछा कि क्या वह पद्म भूषण चाहते हैं।’’ इस पोस्ट का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा था।
आरोपों पर सुरेश गोपी ने कहा कि कलामंडलम गोपी उनके गुरु की तरह हैं, और उन्होंने किसी और को कथकली आचार्य से संपर्क करने का काम नहीं सौंपा है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा ही तय करती है कि उन्हें चुनाव अभियान के तहत किससे मिलना चाहिए।
कलामंडलम गोपी ने आज एक फेसबुक पोस्ट में सुरेश गोपी का अपने घर में स्वागत किया। उन्होंने बाद में संवाददाताओं से कहा कि अभिनेता के साथ उनके लंबे समय से सौहार्दपूर्ण संबंध रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ मेरे मन में सुरेश गोपी के प्रति कोई घृणा या द्वेष नहीं है। सब कुछ डॉक्टर द्वारा की गई पद्म भूषण टिप्पणी से शुरू हुआ। मेरे बेटे को यह टिप्पणी पसंद नहीं आई और इसीलिए उसने ऐसा फेसबुक पर पोस्ट डाली।’’
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि वह पास के पलक्कड़ में अलातुर निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता हैं और वहां वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के उम्मीदवार एवं मौजूदा देवस्वओम मंत्री के राधाकृष्णन के साथ उनके मधुर संबंध हैं।
कलामंडलम गोपी ने यह भी कहा कि उन्होंने राधाकृष्णन के चुनाव अभियान के लिए एक वीडियो दिया क्योंकि वह ‘वामपंथी समर्थक’ हैं।
भाषा धीरज