विपक्ष ने नागांव सामूहिक बलात्कार के आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग की
शुभम प्रशांत
- 23 Aug 2024, 10:14 PM
- Updated: 10:14 PM
गुवाहाटी, 23 अगस्त (भाषा) कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दलों ने शुक्रवार को असम में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाया और नागांव में 14 वर्षीय लड़की के साथ कथित सामूहिक बलात्कार के दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।
महिला कांग्रेस ने यहां राज्य पार्टी मुख्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं राज्य महिला कांग्रेस अध्यक्ष मीरा बोरठाकुर ने कहा, "ऐसी घटनाएं हमें डराती हैं कि ऐसा हममें से किसी के साथ भी हो सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि पिछले कुछ महीनों में बलात्कार की 23 घटनाएं हुई हैं। महिलाएं बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं हैं।"
उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री बलात्कारियों के बीच हिंदू-मुस्लिम विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। बलात्कारी चाहे किसी भी धर्म का हो उसे 'फास्ट ट्रैक कोर्ट' के जरिए कड़ी सजा मिलनी चाहिए।"
बोरठाकुर ने सवाल किया कि क्या ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति के बाद भी उन्हें (हिमंत विश्व शर्मा) कुर्सी पर बने रहने का नैतिक अधिकार है। मुख्यमंत्री शर्मा के पास गृह विभाग भी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "पुलिस के साथ-साथ जनता को भी इस बात पर कड़ी नजर रखनी होगी कि ढींग की घटना के पीछे के अपराधी सजा से न बच पाएं।"
उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए त्वरित और कड़ी सजा की मांग की।
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार रात नागांव के ढींग इलाके में तीन लोगों ने एक लड़की पर कथित तौर पर हमला किया और उसके साथ बलात्कार किया। घटना उस वक्त हुई जब वह ट्यूशन पढ़कर साइकिल से घर लौट रही थी।
विपक्ष के नेता देवव्रत सैकिया ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, "घृणित ढींग घटना की कड़ी निंदा करता हूं। पुलिस को तेजी से जांच करनी चाहिए, दोषियों को पकड़ना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उन्हें कड़ी सजा मिले ताकि भविष्य में इस तरह के क्रूर कृत्य न हों। पीड़िता के ठीक होने और परिवार को इस चुनौतीपूर्ण समय में शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं।"
ढींग से एआईयूडीएफ के विधायक अमिनूल इस्लाम ने बलात्कार के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त की।
रायजोर दल के अध्यक्ष और विधायक अखिल गोगोई ने मांग की कि मामले की सुनवाई तीन महीने के भीतर फास्ट-ट्रैक कोर्ट में की जाए।
सत्तारूढ़ भाजपा विधायक मानब डेका ने कहा कि समाज को महिलाओं के खिलाफ अपराधों के खिलाफ सामने आना चाहिए।
भाषा
भाषा
शुभम