ड्रोन जैसी वस्तु दिखने के बाद अमृतसर हवाई अड्डे पर 3 घंटे तक उड़ान सेवाएं बाधित
यासिर वैभव
- 28 Aug 2024, 04:39 PM
- Updated: 04:39 PM
अमृतसर, 28 अगस्त (भाषा) अमृतसर में हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) टावर द्वारा हवाई क्षेत्र में अचानक ‘ड्रोन’ जैसी दिखने वाली तीन वस्तुओं की गतिविधि देखने के बाद यहां हवाई अड्डे पर उड़ान सेवाएं लगभग तीन घंटे तक बाधित रहीं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना से उस समय सभी निर्धारित उड़ानों को हवाई अड्डे पर उतरने और वहां से उड़ान भरने में बाधा उत्पन्न हुई।
श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के कार्यवाहक निदेशक संदीप अग्रवाल ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना सोमवार रात 10:10 बजे घटी और ड्रोन जैसी वस्तुओं की गतिविधियां लगभग तीन घंटे तक सक्रिय रहीं।
उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे पर रात 10:10 बजे से देर रात 12:45 बजे तक उड़ान परिचालन स्थगित रहा, जिसके बाद एटीसी टावर से मंजूरी मिलने के बाद सेवाएं बहाल कर दी गईं।
अग्रवाल ने बताया कि ड्रोन जैसी वस्तुओं की गतिविधि देखे जाने के बाद हवाई अड्डा प्राधिकारियों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
हालांकि, पुलिस को अभी तक यह पता नहीं लगा कि क्या वे ड्रोन थे और उन्हें कौन चला रहा था।
अग्रवाल ने बताया कि इस मामले में हवाई अड्डे से सटे स्थानीय वायुसेना स्टेशन की भी मदद ली गई है।
उन्होंने कहा कि यहां हवा में ऐसी वस्तुओं की गतिविधि पहली बार देखी गई है और यह अधिकारियों के लिए गहरी चिंता का विषय है क्योंकि यह हवाई अड्डा भारत-पाक सीमा के बहुत करीब है।
संपर्क करने पर हवाई अड्डा थाना प्रभारी हरसिमर ने बताया कि हवाई अड्डा प्राधिकारण ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
प्रभारी ने बताया कि मामले की सूचना पुलिस को मिलने के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के साथ व्यापक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया, जिसके तहत हवाई अड्डे के आसपास के विभिन्न गांवों के कई लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी को भी हवाई अड्डे के आसपास उड़ती वस्तुओं के बारे में कोई सुराग नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि आमतौर पर जब ड्रोन हवा में उड़ते हैं, तो ऊपर लगी लाइट टिमटिमाती हैं, लेकिन हवाई अड्डा प्राधिकरण के अनुसार इस मामले में एक ‘‘सिंगल स्पॉटलाइट’’ थी।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि वे ड्रोन थे या कोई अन्य वस्तु।
भाषा
यासिर