प्रधानमंत्री मोदी से मिला एनबीएफ का प्रतिनिधिमंडल
संतोष शोभना
- 30 Aug 2024, 10:58 PM
- Updated: 10:58 PM
नयी दिल्ली, 30 अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से ‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स फेडरेशन’ (एनबीएफ) के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की और उनसे उन मुद्दों पर चर्चा की जिनका सामना समाचार प्रसारण से जुड़े मीडिया जगत को करना पड़ रहा है।
‘रिपब्लिक टीवी’ के प्रधान संपादक अर्नब गोस्वामी के नेतृत्व में अखिल भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को यहां प्रधानमंत्री से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। इसमें कई प्रमुख क्षेत्रीय और राष्ट्रीय समाचार प्रसारण संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल थे।
एनबीएफ प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग के लिए एक दूरदर्शी प्रारूप पर चर्चा की और तेजी से विकसित हो रही प्रौद्योगिकी और डिजिटलीकरण के बीच इसे भविष्य के लिए तैयार करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
एनबीएफ के एक बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री के साथ बैठक भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप मीडिया क्षेत्र को आगे बढ़ाने, हमारे जीवंत लोकतंत्र के स्तंभ के रूप में इसकी निरंतर भूमिका सुनिश्चित करने के दृष्टिकोण से थी।
प्रतिनिधिमंडल में टीवी9 ग्रुप के प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बरुण दास, प्राइड ईस्ट एंटरटेनमेंट्स की चेयरपर्सन और प्रबंध निदेशक रिनिकी भुइयां शर्मा, आईटीवी नेटवर्क के संस्थापक कार्तिकेय शर्मा, ओडिशा टेलीविजन नेटवर्क लिमिटेड के सह-संस्थापक और एमडी जगी मंगत पांडा, फोर्थ डाइमेंशन मीडिया सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंकर बाला आदि शामिल थे।
इस प्रतिनिधिमंडल में इनसाइट मीडिया सिटी के प्रबंध निदेशक श्रीकंदन नायर, न्यूज नेशन नेटवर्क के प्रधान संपादक मनोज गैरोला, आईबीसी 24 के अध्यक्ष सुरेश गोयल, न्यूज 7 तमिल के प्रबंध निदेशक सुब्रमण्यम और बीपीएल मीडिया के अंगद दीप सिंह भी शामिल थे।
आईटीवी नेटवर्क और द संडे गार्जियन फाउंडेशन की निदेशक ऐश्वर्या शर्मा, वीटीवी नेटवर्क के मनोज वडोदरिया, संदेश न्यूज के चैनल प्रमुख प्रशांत नीमा, नेटवर्क 10 में संपादकीय कार्य से जुड़े प्रवींद्र कुमार औ टीवी5 के अनिल सिंह आदि भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे।
एनबीएफ 70 से अधिक समाचार प्रसारकों का एक निकाय है जो भारत के 25 से अधिक राज्यों में 14 से अधिक भाषाओं में समाचार प्रसारित करता है।
भाषा संतोष