युसूफ पठान ने बेहरामपुर में शुरू किया चुनाव प्रचार अभियान
रवि कांत रंजन
- 21 Mar 2024, 09:06 PM
- Updated: 09:06 PM
(फोटो के साथ)
बेहरामपुर, 21 मार्च (भाषा) पूर्व क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के उम्मीदवार युसूफ पठान ने बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले की बेहरामपुर लोकसभा सीट से चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया।
पठान कांग्रेस पार्टी के गढ़ माने जाने वाले इस संसदीय क्षेत्र में उसके उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी को कड़ी टक्कर देने की तैयारी में जुट गए हैं।
टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने पूर्व भारतीय ऑलराउंडर पठान के लिए रेड कार्पेट बिछाया और इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
विपक्ष द्वारा उन्हें बाहरी करार दिए जाने के दावों को लेकर पठान ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुजरात से हैं, लेकिन वाराणसी से चुनाव लड़ते हैं, तो अगर मैं यहां (बंगाल) से चुनाव लड़ूं तो इसमें क्या दिक्कत है? मैं बंगाल का बच्चा हूं। मैं यहां रहने के लिए आया हूं।’’
पूर्व भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी ने बेहरामपुर से अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ अपने चुनावी मुकाबले की तुलना ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ब्रेट ली के साथ करते हुए कहा कि जब कभी भारत-ऑस्ट्रेलिया का क्रिकेट मैच होता है तो हमें एक बेहतर मुकाबला देखने को मिलता है।
टीएमसी ने अपने चुनाव प्रचार अभियान की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि पार्टी के उम्मीदवार का हार्दिक स्वागत करने के लिए सभी क्षेत्रों के लोग एक साथ आए हैं।
टीएमसी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ बेहरामपुर की सड़कें खचाखच भरी हुई हैं! माहौल जोशपूर्ण था क्योंकि समाज के सभी क्षेत्रों के लोग हमारे उम्मीदवार और प्रतिष्ठित क्रिकेट खिलाड़ी युसूफ पठान का हार्दिक स्वागत करने के लिए एक साथ आए थे। मां, माटी और मानुष के कल्याण के प्रति सच्ची प्रतिबद्धता के साथ वह चुनावी मुकाबले में कूदने के लिए तैयार हैं! उनका आगमन एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक है, जहां आशा और आशावाद पनपता है! ’’
पठान को कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले बेहरामपुर लोकसभा सीट से मैदान में उतारा गया है, जिसका प्रतिनिधित्व वर्तमान में अधीर रंजन चौधरी कर रहे हैं, जो पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष भी हैं।
बेहरामपुर से पांच बार सांसद रह चुके अधीर रंजन ने पठान के चुनाव प्रचार अभियान को लेकर कहा, ‘‘राजनीति और क्रिकेट एक जैसे नहीं हैं।’’
बेहरामपुर लोकसभा सीट पर चौथे चरण में 13 मई को चुनाव होंगे।
भाषा रवि कांत