कांग्रेस ने कच्छ में बाढ़ को ‘मानव निर्मित आपदा’ बताया, उचित मुआवजे की मांग की
अमित माधव
- 04 Sep 2024, 10:27 PM
- Updated: 10:27 PM
भुज, चार सितंबर (भाषा) गुजरात कांग्रेस प्रमुख शक्तिसिंह गोहिल ने कच्छ जिले के कई हिस्सों में जलजमाव के लिए बुधवार को राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को जिम्मेदार ठहराया और संपत्ति एवं फसल को हुए नुकसान के लिए उचित मुआवजे की मांग की।
गोहिल ने कच्छ जिले के मुख्यालय भुज शहर में बारिश प्रभावित इलाकों का दौरा करने के बाद एक संवाददाता सम्मेलन किया। उन्होंने कहा कि कच्छ में हुई तबाही के लिए स्थानीय प्रशासन का भ्रष्टाचार और निष्क्रियता जिम्मेदार है।
कांग्रेस नेता गोहिल ने दावा किया, ‘‘हर जगह कूड़ा-कचरा है और कूड़ा निस्तारण में लापरवाही के कारण जलजमाव हुआ है। यह मानव निर्मित आपदा है। शहर के आजाद चौक में 10 फुट तक पानी भर गया, जिसके कारण छोटे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। लकड़ी बाजार में भी भारी नुकसान हुआ है। अगर नगर निगम ने नहर की सफाई की होती तो इसे रोका जा सकता था।"
उन्होंने चेतावनी दी कि शहर में बीमारियों के फैलने की आशंका है।
राज्यसभा सदस्य गोहिल ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में पवन चक्कियों की स्थापना की सुविधा के लिए सड़कों के अवैध निर्माण के कारण पानी का प्राकृतिक प्रवाह अवरुद्ध हो गया है।
गोहिल ने कहा, "हम चाहते हैं कि सरकार भारी बारिश और उसके परिणामस्वरूप आई बाढ़ के कारण नुकसान झेलने वाले लोगों और किसानों को उचित मुआवजा दे। हमें पता चला है कि नखतराना, अब्दासा और लखपत तालुका में बड़ी संख्या में मवेशी भी मारे गए हैं लेकिन अभी तक कोई सर्वेक्षण नहीं हुआ है। प्रशासन को अधिक संवेदनशील होने की जरूरत है।"
उन्होंने दावा किया कि कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई है।
गोहिल ने कहा कि मांडवी क्षेत्र में खड़ी फसलें क्षतिग्रस्त हो गईं, लेकिन सरकार ने किसानों के लिए कोई विशेष राहत पैकेज की घोषणा नहीं की है। उन्होंने कहा कि पार्टी इन सभी मुद्दों के बारे में सरकार के समक्ष विस्तृत प्रस्तुति देगी।
सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में गहरे दबाव के कारण, तीन तटीय जिलों - कच्छ, देवभूमि द्वारका और जामनगर में पिछले सप्ताह काफी बारिश हुई थी।
पिछले माह 28 और 29 तारीख को सिर्फ 36 घंटे में कच्छ जिले के मांडवी तालुका में 469 मिलीमीटर बारिश हुई, जो राज्य में सबसे ज़्यादा है। इसके बाद अब्दासा तालुका में 404 मिलीमीटर और लखपत तालुका में 275 मिलीमीटर बारिश हुई।
भाषा अमित