नेकां और कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जम्मू कश्मीर में उनके गठबंधन से भाजपा घबरा गयी है
राजकुमार माधव
- 07 Sep 2024, 09:17 PM
- Updated: 09:17 PM
जम्मू, सात सितंबर (भाषा) देश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 10 साल के शासन को ‘निराशाजनक’ करार देते हुए नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) और कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि जब से उन दोनों ने जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने की घोषणा की है तब से भाजपा घबराहट की स्थिति में है।
इन दोनों दलों ने ‘(विपक्षी) इंडिया गठबंधन की नकारात्मक छवि पेश करने की ’ कोशिश करने को लेकर भाजपा को निशाना बनाया।
भाजपा ने शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति में यहां एक कार्यक्रम में जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया था। शनिवार को उन्होंने जम्मू के प्लौरा में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक रैली को संबोधित किया जहां उन्होंने नेकां -कांग्रेस गठबंधन पर प्रहार किया।
जम्मू कश्मीर में 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को तीन चरणों में विधानसभा चुनाव है। मतगणना आठ अक्टूबर को होगी।
नेकां के प्रांतीय रतन लाल गुप्ता ने कहा, ‘‘ देश पर 10 साल तक राज करने के बावजूद, भाजपा ने जम्मू-कश्मीर के लिए कुछ भी उल्लेखनीय नहीं किया है, सिवाय इसके कि उसने सबसे बड़ा कदम अनुच्छेद 370 के निरसन के माध्यम से उसके नागरिकों के अधिकारों को छीन लिया है। यह जम्मू-कश्मीर के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने में बुरी तरह विफल रही है।’’
गुप्ता ने यहां एक कार्यक्रम में गृहमंत्री द्वारा जारी किये गये भाजपा के घोषणापत्र को लोगों को वोट की खातिर लोगों को गुमराह करने का ‘चुनावी तिकड़म’ बताया।
नेकां नेता ने कहा, ‘‘अनुच्छेद 370 को हटाना, जम्मू-कश्मीर को दो भागों में विभाजित करना... जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा छीनना इस क्षेत्र के लोगों की गरिमा और पहचान पर सीधा हमला था।’’
प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व मंत्री रमन भल्ला ने भी नेकां-कांग्रेस गठबंधन को निशाना बनाने के लिए भाजपा की आलोचना की।
भल्ला ने कहा,‘‘भाजपा स्पष्ट रूप से हिल गई है और लोगों के हाथों करारी हार को भांपते हुए इंडिया गठबंधन के खिलाफ बदनामी की रणनीति अपना रही है।’’
उन्होंने यहां आर एस पुरा में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘अपने निराशाजनक शासन रिकॉर्ड पर सार्थक बहस करने के बजाय, वे मतदाताओं के बीच भ्रम और भय फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन मैं आपको बता दूं - उनकी रणनीति काम नहीं करेगी।’’
भाषा
राजकुमार