दिल्ली में बैकारेट कांच के बर्तनों से लेकर लुस्ट्रेरी झूमर तक उत्कृष्ट फ्रांसीसी सुंदरता का प्रदर्शन
मनीषा सिम्मी
- 22 Mar 2024, 01:05 PM
- Updated: 01:05 PM
(कुणाल दत्त)
नयी दिल्ली, 22 मार्च (भाषा) फ्रांसीसी दूतावास ने यहां दो दिवसीय एक प्रदर्शनी का आयोजन किया है जिसमें दुनिया भर में अपनी छाप छोड़ने वाली 18वीं सदी की बेहतरीन क्रिस्टल निर्माता से लेकर 150 साल पुरानी पेरिस स्थित ‘इंटीरियर डिजाइनर’ (किसी स्थल की साज-सज्जा करना) तक, कई कंपनी के उत्पादों के जरिए फ्रांसीसी सुंदरता के कुछ बेहतरीन नमूनों को पेश किया गया है।
‘फ्रेंच इंस्टीट्यूट इन इंडिया’, ‘बिजनेस फ्रांस’ और अन्य के सहयोग से फ्रांस के दूतावास द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रदर्शनी ‘आर्ट दे विवर ए ला फ्रांसेइस (‘फ्रेंच आर्ट ऑफ लिविंग’) नयी दिल्ली के बीकानेर हाउस में बृहस्पतिवार को शुरू हुई।
भारत में फ्रांस के राजदूत थिएरी माथौ ने प्रदर्शनी के उद्घाटन से पहले बुधवार शाम को इसका अवलोकन किया।
प्रदर्शनी के जरिए डिजाइन, शिल्प कौशल, वास्तुकला, आंतरिक सजावट और दोनों देशों के बीच सहयोग का जश्न मनाने के इरादे से घरेलू सजावट और साज-सज्जा में फ्रांस की समृद्ध विरासत को दर्शाया गया है।
आयोजकों द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, यह प्रदर्शनी ‘‘भारत-फ्रांस संबंधों के गतिशील परिदृश्य’’ में आयोजित की जा रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘फ्रांस और भारत दोनों के गौरवशाली अतीत के ऐतिहासिक प्रतीक’’ के रूप में बीकानेर हाउस के बॉलरूम में दो तंबू लगाए गए हैं।
इस प्रदर्शनी में मैथ्यू लस्ट्रेरी कंपनी द्वारा डिजाइन किए गए कुछ अत्यंत खूबसूरत झूमर हैं। यह कंपनी फ्रांस के वर्सेल्स पैलेस में ‘हॉल ऑफ मिरर्स’ के झूमरों के डिजाइन की ‘‘प्रतिकृति’’ बनाने में माहिर हैं।
आयोजकों ने कहा कि ‘बिजनेस फ्रांस’ 2008 से फ्रांस और दुनिया के बीच रचनात्मक साझेदारी को बढ़ावा देने में सबसे आगे रहा है और दिल्ली में आयोजित प्रदर्शनी के जरिए ‘‘फ्रांसीसी सुंदरता और भारतीय जीवंतता के सहज मेल’’ पर ध्यान केंद्रित किया गया है।
अन्य फ्रांसीसी प्रदर्शकों में फ्रांसीसी लिनन को तैयार करने वाली 1847 में स्थापित ‘अलेक्जांद्रे टरपॉल्ट’ कंपनी, कांच के बर्तन बनाने वाली 1764 में स्थापित बैकारेट कंपनी, फ्रांसीसी शैली की सज्जा को जीवित रखने वाली 1875 में स्थापित कंपनी ‘फेउ बोइसरीज’ और फ्रांस में सरकारी फर्नीचर के संरक्षण और नवीनीकरण में अहम भूमिका निभाने वाली ‘मोबिलियर नेशनल’ शामिल हैं।
भाषा
मनीषा सिम्मी