हरिद्वार में पड़ी डकैती में शामिल एक बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर
सं दीप्ति नोमान
- 16 Sep 2024, 06:47 PM
- Updated: 06:47 PM
हरिद्वार, 16 सितंबर (भाषा) उत्तराखंड के हरिद्वार में एक पखवाड़े पहले एक ज्वेलरी शोरूम में दिन दहाड़े पड़ी डकैती में शामिल एक लाख रुपये के एक इनामी डकैत को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया जबकि एक अन्य फरार हो गया ।
गढ़वाल क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) करन सिंह नगन्याल ने यहां बताया कि रविवार देर रात बहादराबाद के धनौरी के पास पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों को तलाशी के लिए रोका, लेकिन वे पुलिस पर कथित रूप से गोलियां चलाते हुए वहां से भागने की कोशिश करने लगे। नगन्याल ने बताया कि पुलिस ने जवाबी गोलीबारी की जिसमें एक डकैत को गोली लग गयी ।
उन्होंने बताया कि डकैत को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
नगन्याल ने बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार दूसरा शख्स फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि बदमाशों के कब्जे से पुलिस को शो रूम से लूटा हुआ कुछ माल भी बरामद हुआ है ।
एक सितंबर को हरिद्वार के सबसे पॉश बाजार रानीपुर मोड़ पर बालाजी ज्वेलर्स में पांच डकैतों ने हथियारों के बल पर डकैती डाली थी । डकैत स्कूटी और मोटरसाइकिल पर सवार होकर आये थे और मात्र 12 मिनट मे ही लूट को अंजाम देकर फरार हो गए थे।
डकैतों ने शोरूम में घुसते ही मिर्च का स्प्रे किया, हवा में गोलीबारी कर सभी कर्मियों और मालिक को भयभीत किया और उसके बाद शोरूम को खाली कर भाग गए थे। उन्होंने करीब पांच करोड़ रुपये का सामान लूटा था।
नगन्याल ने कहा कि अन्य डकैतों की तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही सभी डकैतों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
मुठभेड़ के बाद हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल ने हालात का जायजा लिया । उन्होंने वहीं मौके पर ज्वैलरी शोरूम के मालिक अतुल गर्ग को बुलाकर मृतक बदमाश और माल की शिनाख्त भी कराई ।
नगन्याल ने बातया मुठभेड़ में मारे गए डकैत की पहचान पंजाब के रहने वाले सतपाल के रूप में हुई है । उन्होंने बताया कि सतपाल का आपराधिक इतिहास मिला है और उसके मादक पदार्थ से संबंधित कानून एनडीपीएस के तहत दो मामले दर्ज हैं। आईजी के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश के ऊना में एक लूट की वारदात में शामिल बदमाश से भी उसका हुलिया मिलता—जुलता पाया गया है ।
उन्होंने बताया कि हरिद्वार लूट में शामिल सभी डकैत पंजाब के मुक्तसर क्षेत्र के हैं ।
भाषा सं दीप्ति