हिमाचल के कांगड़ा में दिल्ली से आए पर्यटकों का चालक ने किया उत्पीड़न, प्राथमिकी दर्ज
नोमान नरेश
- 22 Sep 2024, 06:38 PM
- Updated: 06:38 PM
शिमला, 22 सितंबर (भाषा) दिल्ली के एक निवासी ने शून्य प्राथमिकी दर्ज कराकर आरोप लगाया है कि एक कैब चालक ने हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में उसे और उसके दोस्त तथा उनके परिवार का उत्पीड़न किया तथा लूटने का प्रयास किया। यह जानकारी पुलिस को दी गई शिकायत से मिली है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी चालक ने दोनों परिवारों की महिलाओं से भी बदसलूकी की।
पुलिस को 20 सितंबर को दी गई अपनी शिकायत में मोहम्मद राहिम रफी ने कहा कि वह और उनके दोस्त अपने परिवारों के साथ चार दिवसीय यात्रा के लिए हिमाचल प्रदेश आए थे और उन्होंने यह सफर एक ट्रैवल एजेंसी के जरिए निर्धारित किया था।
शिकायत में कहा गया है कि बुकिंग 36,600 रुपये में की गई थी और 50 प्रतिशत भुगतान पहले ही कर दिया गया था जबकि शेष राशि होटल पहुंचने पर दे दी गई थी।
रफी और उनके दोस्त दोनों पत्रकार हैं और दिल्ली में प्रमुख मीडिया संगठनों में काम करते हैं।
शिकायतकर्ता ने कहा, “दिल्ली से हमें जो चालक लेकर गया उसने धर्मशाला पहुंचने से करीब एक घंटे पहले एक इंधन पंप पर पेट्रोल भरवाने के लिए 10,000 रुपये मांगे और हमने यह कहते हुए इनकार कर दिया कि आवश्यक भुगतान पहले ही किया जा चुका है, तो उसने वाहन से हमारा सामान निकाल दिया।”
उन्होंने शिकायत में कहा कि ट्रैवल एजेंसी से शिकायत करने पर चालक बदल दिया गया और उनकी यात्रा फिर से शुरू हुई।
हालांकि, शिकायत में कहा गया है कि जब 17 सितंबर की रात ये लोग चंबा से लौट रहे थे, तो उन्हें दिल्ली से लाने वाले चालक ने कथित तौर पर कांगड़ा में गग्गल हवाई अड्डे के पास उनके वाहन को रोक लिया, ‘सेंट्रल लॉकिंग’ का उपयोग करके कार के सभी दरवाजे बंद कर दिए और उन्हें पास के वन क्षेत्र में ले गया।
इसके बाद आरोपियों ने समूह की कुछ महिलाओं के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया, रफी के साथ हाथापाई की और 4,000 रुपये की मांग की। हालांकि, पर्यटकों ने चालक को काबू कर लिया और कार से बाहर निकल गए। उन्होंने दूसरी कैब बुक की और अपना सफर फिर से शुरू किया।
शिकायतकर्ता ने कहा कि जब ट्रैवल एजेंसी को घटना के बारे में बताया गया तो उसने कोई कार्रवाई नहीं की।
घटना के संबंध में संपर्क किए जाने पर कांगड़ा की पुलिस अधीक्षक (एसपी) शालिनी अग्निहोत्री ने रविवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घटना की जांच की जाएगी और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा नोमान