कार से कुचलकर मारे गए दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल के परिजनों ने सख्त कार्रवाई की मांग की
यासिर रंजन
- 30 Sep 2024, 05:59 PM
- Updated: 05:59 PM
नयी दिल्ली, 30 सितंबर (भाषा) दिल्ली के बाहरी इलाके में रविवार रात एक कार द्वारा कुचलने और करीब 10 मीटर तक घसीटे जाने से पुलिस कांस्टेबल संदीप की मौत के मामले में परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हरियाणा के सोनीपत जिले के मदीना गांव निवासी कांस्टेबल चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए सादे कपड़ों में ड्यूटी पर था। उसने एक चालक को लापरवाही से वाहन चलाने के लिए फटकार लगाई, जिसके बाद कार चालक ने उसे टक्कर मार दी।
पड़ोसी दलबीर सिंह ने कहा, ‘‘यह घटना वास्तव में चौंकाने वाली है और पूरा गांव संदीप के परिवार के साथ खड़ा है।’’
दलबीर ने कहा, ‘‘.....उनके परिवार में उनकी पत्नी, मां और पांच साल का बेटा है। हम परिवार के सदस्यों के लिए उचित मुआवजे की मांग करते हैं।’’
गांव के पूर्व पंचायत सदस्य सत्यवीर ने दावा किया, ‘‘हमें पता चला कि संदीप अवैध शराब आपूर्तिकर्ताओं का पीछा कर रहा था और जब उसने कार चालक को रुकने के लिए कहा तो उसने उन्हें कुचल दिया।’’
उन्होंने मांग की कि दिल्ली सरकार उचित मुआवजा और वित्तीय सहायता के लिए परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा करे।
पुलिस ने बताया कि यह घटना देर रात करीब सवा दो बजे वीणा एन्क्लेव के पास उस समय हुई जब संदीप (30) ड्यूटी के दौरान सादे कपड़ों में नांगलोई पुलिस थाने से रेलवे रोड की ओर जा रहे थे।
पुलिस उपायुक्त (बाहरी) जिम्मी चिराम ने बताया कि संदीप ने कार लापरवाही से चलाई जा रही कार के चालक को ऐसा नहीं करने के लिए कहा।
उन्होंने बताया कि अचानक वाहन की गति बढ़ गई और उसने कांस्टेबल की मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी तथा उसे करीब 10 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिसके बाद वह एक खड़ी कार से जा टकराया।
संदीप को पश्चिम विहार के बालाजी अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
चिराम ने बताया कि आरोपी रजनीश उर्फ सिट्टू को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
डीसीपी के अनुसार, कांस्टेबल द्वारा सार्वजनिक स्थान पर शराब न पीने के लिए कहने पर रजनीश ने चालक को तेज गति से वाहन चलाने के लिए उकसाया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और आरोपी चालक को पकड़ने के लिए दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में छापेमारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस बीच शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
भाषा यासिर