उत्तराखंड: भाजपा नेता के खिलाफ सामाजिक सौहार्द को खतरे में डालने का मामला दर्ज
नोमान
- 06 Oct 2024, 06:11 PM
- Updated: 06:11 PM
पौड़ी (उत्तराखंड), छह अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता लखपत सिंह भंडारी पर उनके कथित आपत्तिजनक बयान को लेकर सामाजिक सौहार्द को खतरे में डालने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
भाजपा के पौड़ी गढ़वाल के जिला उपाध्यक्ष भंडारी ने दो अक्टूबर को श्रीनगर में आयोजित 'चेतना और चेतावनी रैली' में एक विशेष समुदाय के लोगों को कथित रूप से 'लव जिहाद' से दूर रहने की चेतावनी दी थी और कहा था कि जो उनकी बेटियों की तरफ आंख उठाकर देखेगा, उसकी आंखें निकाल ली जाएंगी ।
उन्होंने कथित रूप से बेटियों की तरफ बढ़ते हाथों को काट देने तथा उनकी दुकानें जला देने की धमकी भी दी थी।
उनके इस भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। बहरहाल, इस वीडियो को अब हटा दिया गया है ।
पुलिस ने इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए समाज में सौहार्द और देश की एकता को खतरे में डालने के आरोप में भंडारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है ।
श्रीनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि भंडारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 (धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास, भाषा, आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देने और सद्भाव बिगाड़ने) और 223 (लोक सेवक द्वारा विधिवत रूप से प्रख्यापित आदेश की अवज्ञा) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस बीच, भंडारी ने रविवार को 'पीटीआई-भाषा' से बातचीत में कहा कि उन्होंने यह बात पुलिस को चेतावनी देते हुए कही थी ।
उन्होंने कहा कि 'लव जिहाद' के मामलों को लेकर वह एक दो बार श्रीनगर थाने गए थे लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई ।
भंडारी ने कहा, “हमारा कहना है कि हम अब थाने नहीं आएंगे । अब अगर किसी ने हमारी बेटी की तरफ आंख उठाकर भी देखा तो हम उसकी आंख निकाल लेंगे । उसकी तरफ जो गलत तरीके से हाथ बढ़ाएगा, तो उसका हाथ काट देंगे।”
उन्होंने कहा कि उनकी बेटियों को निशाना बनाया जा रहा है और जिन दुकानों की आड़ में यह कुकृत्य किया जा रहा है, उनकी दुकानें भी जला दी जाएंगी ।
बाहरी लोगों पर यहां की शांत वादियों को दूषित करने का आरोप लगाते हुए भंडारी ने कहा कि वे नाम और पहचान छिपाकर यहां की बेटियों को अपने प्रेमजाल में फंसा रहे हैं और बाद में पता चल रहा है कि वे दूसरे धर्म के हैं ।
इस संबंध में भाजपा की प्रदेश इकाई के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि उनकी पार्टी इस प्रकार के बयानों का समर्थन नहीं करती लेकिन राज्य में ‘लव जिहाद’ और ‘लैंड जिहाद’ के नाम पर माहौल को बिगाड़ने की कोशिशों को सफल नहीं होने दिया जाएगा ।
भाषा सं दीप्ति