होली समारोह के दौरान संप्रदायिक कट्टरपंथियों ने जनजातीय महिलाओं पर हमला किया: बंदी संजय कुमार
संतोष धीरज
- 26 Mar 2024, 07:41 PM
- Updated: 07:41 PM
हैदराबाद, 26 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव बंदी संजय कुमार ने आरोप लगाया है कि दो दिन पहले यहां चेंगिचेरला में होली समारोह का अयोजन कर रही अनुसूचित जनजाति (एसटी)समुदाय की महिलाओं पर सांप्रदायिक कट्टरपंथियों ने हमला किया।
चेंगिचेरला में विभिन्न समुदायों से संबंधित दो समूहों के सदस्यों के बीच झड़प की घटना का एक वीडियो जारी करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व की भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार की तरह वर्तमान कांग्रेस सरकार तटस्थता से रहित होकर समाज के एक वर्ग का समर्थन कर रही है।
उन्होंने सोमवार को जारी वीडियो में दावा किया कि अगर भाजपा या विश्व हिंदू परिषद का कोई नेता ‘हमले’ की शिकार महिलाओं से मिलने की कोशिश कर रहा है, तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा चाहती है कि समाज के सभी वर्गों के साथ समान व्यवहार किया जाए। कुमार ने कहा, ‘‘भाजपा चेंगिचेरला में सांप्रदायिक रूप से कट्टर गुंडों जो ‘रजाकारों’ (हैदराबाद की पूर्व रियासत में निजाम शासन के सशस्त्र समर्थक) के उत्तराधिकारी हैं और असामाजिक तत्वों द्वारा अनुसूचित जनजाति की महिलाओं पर हमले की कड़ी निंदा करती है।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘बीआरएस को ‘हिंदू समाज’ ने दफन कर दिया है और कांग्रेस को यह एहसास करना चाहिए कि अगर उसने एक वर्ग का समर्थन किया तो उसका भी यही हश्र होगा।’’
उन्होंने मांग की कि फिलहाल लागू सभी कानूनों के तहत आपराधिक कार्रवाई शुरू करने के अलावा एसटी समुदाय की महिलाओं पर ‘हमला’ करने वालों के खिलाफ अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए जाने चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि महिलाओं पर हमला किया गया और पुलिस ने लाठीचार्ज का सहारा लेकर हिंदुओं को नियंत्रित करने की कोशिश की।
कुमार आसन्न लोकसभा चुनाव में करीमनगर सीट से दोबारा चुनाव जीतन के लिए प्रयासरत हैं।
पुलिस ने सोमवार को कहा कि शहर के बाहरी इलाके चेंगिचेरला में एक धार्मिक स्थल के पास ‘तेज आवाज में संगीत बजाने’ को लेकर हुई बहस के बाद विभिन्न समुदायों के दो समूहों के सदस्य आपस में भिड़ गए और एक-दूसरे पर पथराव किया।
रविवार शाम को दो समूहों के बीच झड़प के बाद इलाके में हल्का तनाव व्याप्त हो गया, जिसमें चार लोगों को मामूली चोटें आईं।
भाषा
संतोष