नोएल टाटा होंगे टाटा ट्रस्ट्स के नए चेयरमैन
निहारिका अजय
- 11 Oct 2024, 03:58 PM
- Updated: 03:58 PM
(तस्वीर के साथ)
मुंबई, 11 अक्टूबर (भाषा) दिवंगत रतन टाटा के सौतेले भाई नोएल टाटा अब ‘टाटा ट्रस्ट्स’ के चेयरमैन होंगे। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
नोएल का चयन निदेशक मंडल की बैठक में किया गया।
रतन टाटा की छत्रछाया में अधिकतर काम करने के बाद नोएल (67) को अब ‘टाटा ट्रस्ट्स’ का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी मिलेगी। इसमें मोटे तौर पर सर रतन टाटा ट्रस्ट एंड अलाइड ट्रस्ट्स और सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट एंड अलाइड ट्रस्ट शामिल हैं, जिनके पास टाटा संस की नियंत्रक 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है। टाटा संस, टाटा समूह की कंपनियों की होल्डिंग व प्रवर्तक कंपनी है।
नोएल, सर रतन टाटा ट्रस्ट और सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट के निदेशक मंडल में न्यासी (ट्रस्टी) हैं।
रतन टाटा (86) का बुधवार रात आयु संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से निधन हो गया था। इसके बाद ही ‘टाटा ट्रस्ट्स’ के चेयरमैन के पद के लिए उनके उत्ताराधिकारी की तलाश शुरू हुई। उत्तराधिकारी का चयन करने के लिए टाटा ट्रस्ट बोर्ड की बैठक हुई और नोएल टाटा के नाम पर अंतिम मोहर लगी। उत्तराधिकारी के नाम की औपचारिक घोषणा आज शाम की जाने की उम्मीद है।
नोएल 1999 से टाटा समूह से जुड़े हुए हैं और खुदरा इकाई ट्रेंट के चेयरमैन हैं, जो वेस्टसाइड तथा जूडियो जैसी श्रृंखला का कारोबार देखती है। इसका बाजार पूंजीकरण दो लाख करोड़ रुपये से अधिक है। वह वोल्टास और टाटा इंटरनेशनल के चेयरमैन भी हैं।
नोएल की पत्नी अलू मिस्त्री हैं, जो दिवंगत साइरस मिस्त्री की बहन हैं। अलू मिस्त्री शापूरजी पालोनजी परिवार का हिस्सा हैं, जो 18.4 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी के साथ टाटा संस का सबसे बड़ा निजी शेयरधारक है।
साइरस मिस्त्री को टाटा संस के चेयरमैन पद से हटाए जाने के बाद से शापूरजी पालोनजी समूह और टाटा के बीच संबंध अच्छे नहीं रहे हैं।
टाटा संस समूह के सभी वाणिज्यिक उद्यमों का परिचालन करती है और पिछले वर्ष सामूहिक रूप से इसका राजस्व 165 अरब अमेरिकी डॉलर रहा था।
नोएल को टाटा ट्रस्ट्स में रतन टाटा की जगह लेने के लिए सबसे आगे देखा जा रहा था। हालांकि, रतन टाटा के लंबे समय के विश्वासपात्र मेहली मिस्त्री के नाम को लेकर भी अटकलें थीं।
कुछ खबरों के अनुसार, मेहली जो पहले से ही टाटा ट्रस्ट के न्यासी हैं, उन्हें स्थायी न्यासी बनाने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है।
भाषा निहारिका