उत्तर प्रदेश : एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान को बम से उड़ाने की झूठी धमकी के बाद उड़ान में देरी
सं जफर आनन्द जितेंद्र
- 15 Oct 2024, 09:03 PM
- Updated: 09:03 PM
अयोध्या, 15 अक्टूबर (भाषा) एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान को मंगलवार को बम से उड़ाने की झूठी धमकी मिलने के बाद उड़ान में तीन घंटे की देरी हुई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि विमान को उत्तर प्रदेश के अयोध्या हवाई अड्डे से उड़ान भरनी थी।
हवाई अड्डे के निदेशक विनोद कुमार ने विमान को आपात स्थिति में उतारने की पुष्टि करते हुए ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि विमान जयपुर से आ रहा था।
विमानन कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक असत्यापित खाते से मिली धमकी के कारण आपात स्थिति पैदा हो गई।
‘एअर इंडिया एक्सप्रेस’ के प्रवक्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को एक बयान में बताया, ‘‘कुछ अन्य संचालकों के साथ एअर इंडिया एक्सप्रेस को एक असत्यापित सोशल मीडिया खाते से धमकी मिली। जवाब में, सरकार द्वारा नियुक्त बम के खतरे का आकलन वाली समिति के निर्देशानुसार सुरक्षा प्रोटोकॉल तुरंत सक्रिय कर दिए गए। विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और सभी अनिवार्य सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद ही विमान को उड़ान भरने की मंजूरी दी जाएगी।’’
बोइंग 737-मैक्स 8 विमान में 132 यात्री सवार थे।
विमानन कंपनी के एक अधिकारी के अनुसार, यह विमान जयपुर से आ रहा था और अयोध्या में कुछ देर रुकने के बाद बेंगलुरु जाने वाला था।
विमान को अयोध्या हवाई अड्डे पर अपराह्न दो बजे उतरना था लेकिन यह दो बजकर छह मिनट पर उतरा। अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को शाम चार बजे बताया कि पहले इसे अपराह्न दो बजकर 55 मिनट पर उड़ान भरनी थी लेकिन अब इसे शाम पांच बजे के लिए पुनर्निर्धारित किया गया।
हवाई अड्डे के निदेशक ने बाद में बताया कि सुरक्षा दलों से मंजूरी मिलने के बाद विमान ने शाम करीब छह बजे उड़ान भरी।
उन्होंने एक बयान में बताया कि बम की धमकी की सूचना अपराह्न एक बजकर 41 मिनट पर मिली थी।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद समिति ने मामले की जांच शुरू की।
उन्होंने बताया कि अपराह्न एक बजकर 52 मिनट पर बैठक बुलाई गई।
अधिकारी ने बताया, “एक बजकर 55 मिनट पर टावर ने पूर्ण आपात स्थिति की घोषणा की और सभी संबंधित विभागों को सूचित कर दिया।”
उन्होंने बताया, “विमान दो बजकर एक मिनट पर उतरा और उसे एक अलग जगह पर खड़ा किया गया। सभी यात्री विमान से उतरे और एक जगह इकट्ठे हुए।”
निदेशक ने बताया कि सुरक्षा जांच के दौरान विमान में कुछ भी नहीं मिला, जिसके बाद उड़ान भरने की मंजूरी दे दी गयी।
हवाई अड्डे पर परिचालन सामान्य है।
भाषा सं जफर आनन्द