मैंने सदन की गरिमा बनाए रखने का प्रयास किया है: सतीश महाना
आनन्द नेत्रपाल
- 29 Mar 2024, 09:48 PM
- Updated: 09:48 PM
लखनऊ, 29 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने शुक्रवार को कहा कि अध्यक्ष के रूप में कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात् पिछले दो वर्षों में उन्होंने यह प्रयास किया है कि सदन का संचालन सुचारू रूप से हो एवं उसकी गरिमा बनी रहे।
दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद महाना ने यहां विधानभवन के तिलक हाल में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ''विधायिका संसदीय लोकतंत्र की जीवनरेखा है। इधर कुछ वर्षों से यह अनुभव किया गया है कि विधायिका के संचालन में कतिपय कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं, व्यवधान हो रहे हैं।''
उन्होंने अब तक की अपनी उपलब्धियां भी गिनाईं।
अध्यक्ष ने अपनी आगामी कार्ययोजना की चर्चा करते हुए कहा कि विभिन्न विभागों के मंत्रियों एवं अधिकारियों के साथ विधानसभा सदस्यों का समूहवार संवाद कराया जाना प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न विधाओं के ज्ञाता जैसे कि जाने-माने चिकित्सक, इंजीनियर, विश्वविद्यालयों के कुलपति एवं प्रोफेसर, कॉर्पोरेट समूह के प्रतिनिधियों के साथ सदस्यों का संवाद कराया जाएगा।
महाना ने कहा कि इसके अलावा युवाओं का लोकतांत्रिक प्रणाली में विश्वास और मजबूत करने एवं उन्हें विधायिका के वास्तविक ज्ञान से रूबरू कराने के लिए युवा संसद का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विधानसभा मण्डप (जहां सत्र की कार्यवाही संचालित होती है) के स्वरूप को और अधिक भव्यता प्रदान करने के लिए उसका नवीनीकरण किया जाएगा।
महाना ने कहा कि राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन हॉल में अभी तक के सभी विधानसभा अध्यक्षों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से परिचय कराने और राज्य के मुख्यमंत्रियों के जीवन परिचय से आम जनता को रूबरू कराने के लिए डिजिटल संचार प्रणाली की स्थापना की जाएगी।
उन्होंने बताया कि विधानसभा की कार्यवाही को विभिन्न भाषाओं में सुने जाने के लिए अनुवाद प्रणाली की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस क्रम में दर्शक दीर्घा एवं राज्यपाल दीर्घा में आने वाले अतिथियों को भी यह सुविधा प्राप्त होगी जो हिन्दी भाषा के अतिरिक्त अन्य भाषाओं में भी कार्यवाही को सुन सकेंगे।
महाना ने कहा, ''अध्यक्ष के रूप में कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात् पिछले दो वर्षों में मैंने यह प्रयास किया है कि सदन का संचालन सुचारू रूप से हो एवं उसकी गरिमा बनी रहे।'
अपनी उपलब्धियां बताते हुए महाना ने उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया और कहा कि उनका उचित सहयोग मिला है।
भाषा आनन्द