किसानों को फसल का उचित दाम दिलाने के लिए हिमाचल सरकार विनियमित बाजार स्थापित कर रही: सुक्खू
खारी प्रशांत
- 09 Dec 2024, 08:54 PM
- Updated: 08:54 PM
शिमला, नौ दिसंबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को घोषणा की कि राज्य सरकार किसानों को उनकी फसल का उचित दाम दिलाने के लिए विनियमित बाजार स्थापित करेगी।
उन्होंने कहा कि ये बाजार लोगों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेंगे और उनका समय बचाएंगे।
शिमला के टुटू में 4.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एक विनियमित बाजार का उद्घाटन करते हुए सुक्खू ने कहा कि पहले किसानों को शिमला जाने के लिए मजबूर होना पड़ता था, जिससे अक्सर उन्हें अपनी जेब ढीली करनी पड़ती थी।
उन्होंने कहा कि इस बाजार से धामी, घणाहट्टी, मजठाई, बागी, ढांडा, देवनगर, रामपुरी और कालीहट्टी सहित विभिन्न पंचायतों के किसानों को फायदा होगा क्योंकि इससे उन्हें फसलों और सब्जियों के लिए उनके घरों के नजदीक बेहतर दाम मिल सकेंगे।
नई सुविधा में आठ दुकानें, एक नीलामी मंच, किसानों के लिए 20 बिस्तरों वाला आश्रय स्थल, सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए एक विशाल हॉल और अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं।
उन्होंने टुटू में एक खंड चिकित्सा कार्यालय (बीएमओ) खोलने की भी घोषणा की, साथ ही पर्याप्त चिकित्सकों की तैनाती और बदहेड़ी-शिल्ली-हीरानगर सड़क के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये देने का आश्वासन दिया।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने टुटू के दो वार्डों में अवजल सुविधाओं और सड़क के निर्माण के लिए निधि जारी करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने दो श्मशान घाटों और एक गोशाला के लिए 10-10 लाख रुपये देने का वादा किया और 16 मील क्षेत्र में एक कॉलेज भवन के निर्माण के लिए पर्याप्त धनराशि देने का वादा किया।
सुक्खू ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कुप्रबंधन ने राज्य को कर्ज में डुबो दिया था, जबकि मौजूदा सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी कतई बदर्शत नहीं करने की नीति से अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया है।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने दो वर्षों में 31,000 नौकरियां का सृजन किया, जबकि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल के दौरान केवल 20,000 नौकरियां सृजित कीं।
उन्होंने आगे आश्वासन दिया कि सरकार चरणबद्ध तरीके से अपनी गारंटियों को पूरा करने के लिए काम कर रही है और तीन साल के भीतर मजबूत शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा बुनियादी ढांचा बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मौजूदा सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है और निष्पक्ष रूप से काम कर रही है।
उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि पिछले दो वर्षों के दौरान शिमला ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्र में 400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं शुरू की गई हैं। सिंह शिमला ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।
भाषा खारी