असम सरकार छात्राओं की शिक्षा की पूरी जिम्मेदारी लेगी: हिमंत विश्व शर्मा
आशीष राजकुमार
- 04 Apr 2024, 08:36 PM
- Updated: 08:36 PM
(फोटो के साथ)
नगांव/उदलगुड़ी, चार अप्रैल (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को वादा किया कि राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार छात्राओं को स्नातकोत्तर स्तर तक शिक्षा मुहैया कराने की पूरी जिम्मेदारी लेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में 10वीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली सभी लड़कियों को एक साइकिल या स्कूटर दिया जाता है, लेकिन इस साल से 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए पढ़ाई के दौरान उनके बैंक खातों में दो वर्ष तक 10,000 रुपये की राशि जमा की जाएगी।
शर्मा 26 अप्रैल को दूसरे चरण के मतदान के लिए नगांव और दरांग-उदलगुड़ी लोकसभा क्षेत्रों के लिए भाजपा उम्मीदवारों द्वारा नामांकन दाखिल करने से पहले रैलियों को संबोधित रहे थे।
उन्होंने कहा कि लड़कियों को 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद कॉलेज में प्रवेश लेने के लिए 12,500 रुपये दिए जाएंगे, जबकि स्नातकोत्तर की पढ़ाई की इच्छुक लड़कियों को 25,000 रुपये दिए जाएंगे। शर्मा ने कहा, ‘‘बेटा को मां-बाप पढाएंगे, बेटी को मामा पढ़ाएंगे।’’ असम में शर्मा को युवा प्यार से ‘मामा’ कहकर संबोधित करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राशन कार्ड वाले परिवारों को पहले से ही पांच किलो मुफ्त चावल, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड मिल रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद परिवार के मुखिया को जीवन बीमा का लाभ मिलेगा जिसका प्रीमियम राज्य सरकार द्वारा भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिवार की एक महिला सदस्य को ‘अरुणोदय’ योजना में शामिल किया जाएगा।
शर्मा ने कहा कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के मद्देनजर वह वित्तीय घोषणाएं नहीं कर सकते, लेकिन चुनाव प्रचार के दौरान किए गए वादों को चुनाव के बाद लागू किया जाएगा।
शर्मा ने पूर्व में उदलगुड़ी जैसे अशांत क्षेत्रों में शांति और समृद्धि लाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिया। मुख्यमंत्री ने मतदाताओं को आश्वासन दिया कि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा का शासन क्षेत्र के विकास को गति देगा।
शर्मा ने कहा, ‘‘असम में मामा की वारंटी के साथ-साथ मोदी की गारंटी होगी जो राज्य को विकास की ओर ले जाएगी। मोदी के प्रधानमंत्री रहने से असम निश्चित रूप से शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़कर देश का अग्रणी राज्य बनेगा और इसके लिए लोगों को भाजपा उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करनी होगी।’’
भाषा आशीष