मेक्सिको के गांव में मादक पदार्थ तस्करों ने ड्रोन हमले किए
सुरभि
- 09 Jul 2026, 02:34 PM
- Updated: 02:34 PM
(स्लग में बदलाव के साथ रिपीट)
मेक्सिको सिटी, नौ जुलाई (एपी) मेक्सिको के एक गांव में मादक पदार्थ तस्करों के गिरोह ने बुधवार सुबह छह बजे ड्रोन से हमले किए। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी दी।
गुआजेस डी अयाला नामक गांव के ग्रामीणों को कई हफ्तों से 'ला नुएवा फमिलिया मिचोआकाना' नाम के मादक पदार्थ तस्कर गिरोह से चेतावनी मिल रही थी। हालांकि उनकी मदद की गुहार पर किसी ने ध्यान नहीं दिया क्योंकि उस समय मेक्सिको सिटी, ग्वाडलहारा और मॉन्टेरी जैसे बड़े शहरों में फुटबॉल विश्वकप आयोजन को लेकर जश्न का माहौल था।
मारिलु सोलोरियो नाम की 24 वर्षीय प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि मादक पदार्थ गिरोह के तस्करों और समुदाय के सतर्कता विभाग के बीच गोलीबारी शुरू होने के बाद 70 अन्य महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने पास के एक बंद पड़े मेडिकल क्लिनिक में शरण ली।
अपने आश्रय स्थल से सोलोरियो ने फोन पर हुई बातचीत में फुटबॉल टूर्नामेंट का जिक्र करते हुए कहा, ''एक तरफ कुछ लोग फुटबॉल के गोल का जश्न मना रहे हैं, तो दूसरी तरफ बम ले जा रहे ड्रोन लोगों की जान ले रहे हैं। जिन जगहों पर विश्व कप खेला जा रहा है वहां के लोगों की सुरक्षा करने के बजाय (मेक्सिको की सरकार को) हम जैसे लोगों की सुरक्षा करनी चाहिए जिन्होंने कभी कुछ गलत नहीं किया।''
मेक्सिको में सुरक्षा बलों ने विश्वकप मैच के आयोजन वाले इलाकों पर ध्यान केंद्रित किया है। अधिकारियों ने हिंसा से प्रभावित गुरेरो में हुए हमलों की बात से इनकार किया है, जबकि स्थानीय लोगों के लाइव-स्ट्रीम किए गए वीडियो में गोलीबारी और पहाड़ों में मौजूद चौकियों से धुआं उठता दिख रहा है; ये चौकियां निवासियों ने कार्टेल की मौजूदगी पर नजर रखने के लिए बनाई थीं।
ये हमले ऐसे समय में हुए हैं जब मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम कई महीनों से मेक्सिको में फैली आपराधिक हिंसा से निपटने के तरीकों पर काम कर रही हैं।
गुआजेस डी अयाला समुदाय ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों को बताया था कि गिरोह उनके शहर के करीब आ रहा है, लेकिन कोई मदद के लिए नहीं आया।
स्थानीय संघीय अधिकारियों ने इस संबंध में टिप्पणी के अनुरोध पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। हालांकि मेक्सिको के सुरक्षा कैबिनेट ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''समाचारों में जिस हमले की खबर दी जा रही है उससे अधिकारियों ने इनकार किया है।''
पोस्ट में कहा गया है कि राज्य सुरक्षा बल ''हालात का जायजा लेने के लिए क्षेत्र की ओर रवाना हो गए हैं और वहां के लोगों को सुरक्षा प्रदान की जा रही है।''
एपी सुरभि रंजन
रंजन
सुरभि
0907 1434 मेक्सिको सिटी