हिमाचल: विधायक ने नाबालिग बलात्कार पीड़िता की दुर्दशा का मुद्दा उठाया, मुख्यमंत्री ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया
प्रीति प्रशांत
- 20 Aug 2025, 10:15 PM
- Updated: 10:15 PM
शिमला, 20 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को बताया कि चंबा जिले के पांगी क्षेत्र की रहने वाली एक अनाथ लड़की के यौन उत्पीड़न के मामले के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भरमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनक राज द्वारा उठाए गए मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राज ने बताया कि एक नाबालिग अनाथ लड़की का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया, जिसके बाद वह गर्भवती हो गई और उसने एक बच्चे को जन्म दिया और इसके बाद उसे जम्मू भेज दिया गया, जहां उसकी शादी कर दी गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों ने इस मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की। विधायक ने कहा, ‘‘मैं मुख्यमंत्री से आग्रह करता हूं कि उचित कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबाने की कोशिश करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।’’
वहीं, बड़सर से भाजपा विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने पश्चिम बंगाल के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में हमीरपुर के एक युवक की मौत पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल पुलिस ने इस घटना के संबंध में डूबने से हुई मौत का मामला दर्ज किया है जबकि मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसकी हत्या की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस मामले पर गौर करेगी और पश्चिम बंगाल के डीजीपी को एक पत्र भेजा जाएगा।
इस बीच, प्रदेश में विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस सरकार पर नौकरियों के संबंध में भ्रामक आंकड़े देने का बुधवार को आरोप लगाया और कहा कि हर साल एक लाख नौकरियां देने का वादा पूरा नहीं किया गया है।
प्रश्नकाल के दौरान भाजपा के विपिन परमार और सतपाल सिंह सत्ती के प्रश्न का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार ने अब तक 23,191 युवाओं को नौकरियां प्रदान की हैं। 5,960 पद सृजित किए हैं और 1,783 निष्क्रिय पदों को समाप्त किया है।
भाजपा सदस्यों ने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आंकड़ों की प्रामाणिकता पर सवाल उठाए तो हंगामा मच गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर साल एक लाख और पांच साल में पांच लाख नौकरियां देने के चुनावी वादे को पूरा करने में विफल रही है।
भाषा
प्रीति