ओडिशा में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूसों के दौरान झड़प में एक व्यक्ति की मौत, 14 अन्य घायल
धीरज नेत्रपाल
- 01 Sep 2025, 06:07 PM
- Updated: 06:07 PM
भुवनेश्वर, एक सितंबर (भाषा) ओडिशा में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान झड़प की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जुलूस के दौरान डीजे वाहन पर चढ़ते समय बिजली के तार की चपेट में आने से तीन अन्य युवक भी घायल हो गए, जबकि गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद नदी में स्नान के दौरान एक महिला डूब गई।
इसने कहा कि रविवार रात नयागढ़ जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान संगीत बजाने को लेकर दो समूहों के बीच झड़प हो गई जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए।
पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हरिहर स्वैन के रूप में हुई है। स्वैन की हत्या उस समय की गई जब वह अपने बेटे को हमलावरों से बचाने की कोशिश कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि यह घटना फतेहगढ़ थाने के अंतर्गत करदापल्ली गांव में पथापुर और करदापल्ली क्षेत्र के लोगों के बीच जुलूस के दौरान हुए विवाद के बाद घटी।
अधिकारी ने बताया कि आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सोमवार को भापुर बाजार में प्रदर्शन किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने बताया कि पुलिस से आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारी अपना प्रदर्शन समाप्त करने पर सहमत हुए।
उन्होंने कहा कि घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा गया है, जबकि मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं, एक अन्य अधिकारी ने बताया कि अन्य घटना में, रविवार रात भुवनेश्वर के पत्रापाड़ा इलाके में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान पुरानी दुश्मनी को लेकर दो समूहों के बीच झड़प में चार लोग घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि घायलों को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), भुवनेश्वर और कैपिटल अस्पताल ले जाया गया तथा पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।
पुलिस ने कहा कि पुरी जिले के कोणार्क इलाके में विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे वाहन पर चढ़ते समय तार की चपेट में आने से तीन युवक घायल हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह कटक जिले के बांकी क्षेत्र के खुदुरुकुनी में गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद स्नान करते समय एक महिला महानदी में बह गई।
भाषा धीरज